लखनऊ

गोमती को बचाने के लिए लोगों ने रखा उपवास

गोमती नदी को निर्मल और अविरल बनाने के मकसद से शुरू हुए विशेष जागरूकता अभियान के तहत रविवार को लखनऊ में उपवास का आयोजन हुआ।
2 min read
• •
Updated: 23 Apr 2018, 11:54 AM IST
lucknow news

लखनऊ. गोमती नदी को निर्मल और अविरल बनाने के मकसद से शुरू हुए विशेष जागरूकता अभियान के तहत रविवार को लखनऊ में उपवास का आयोजन हुआ। इस उपवास में लोक भारती संस्था के साथ नगर के विभिन्न लोगों ने हिस्सा लिया। जन जागरण के उद्देश्य से गोमती संरंक्षण सप्ताह के तहत रविवार को शहीद स्मारक पर एक दिवसीय उपवास रखा गया। शहीद स्मारक पर आयोजित एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम में गोमती संरक्षण के लिए पीलीभीत में गोमती की खुदाई के बाद दोनों ओर तटबंध पर पौधरोपण पर बल दिया गया जिससे तटबंध का कटाव रुकेगा नदी जल वाष्पन में कमी होगी। इसके साथ ही इस प्रयास से वर्षा जल संचयन में वृद्धि होगी। संस्था के लोगों ने कहा कि इस प्रयास से विविधता सुरक्षित होगी।

संस्था के लोगों ने कहा कि गोमती जल ग्रहण क्षेत्र के सभी तालाबों-झीलों को व्यवस्थित किया जाए। गोमती प्रवाह क्षेत्र में गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए। गोमती में मिलने वाले गंदे नालों को अलग किया जाए। गोमती के किनारे अतिक्रमण हटाया जाए। गोमती के किनारे गोमती पर्यटन पथ का निर्माण कराया जाए। गोमती के किनारे अनमोल धरोहरों को संरक्षित किया जाए तथा जीवंत भूगर्भ जल स्रोतों को संरक्षित किया जाए।

गोमती संरक्षण अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। गोमती के पुनर्जीवन के लिए लोक भारती द्वारा चलाए जा रहे जन जागरण अभियान में समाज के कई वर्गों के लोग हिस्सा ले रहे हैं। गोमती उपवास कार्यक्रम में लोक भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह, पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं महेंद्र मोदी, नवाब मीर जाफर अब्दुल्ला, पूर्व एमएलसी विंध्यवासिनी कुमार, डॉ ए पी तिवारी, व्यापार मंडल, बार एसोसिएशन तथा अन्य संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोमती बाबा महंत रामसेवक दास तथा संचालन गोपाल उपाध्याय ने किया। लोक भारती के संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण चौधरी उपस्थित रहे। संयोजक मंडल के राजेश राणा, मनीष, सतीश मिश्र, सुनील चौबे तथा प्रभारी महीप मिश्र व पूर्व आईएएस राजेंद्र भौनवाल भी उपस्थित रहे। ।

Published on: