CG Dhan Kharidi: महासमुंद जिले के करीब 12 हजार किसान समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पाए। अंतिम दिन 2939 किसानों ने अपना धान बेचा..
CG Dhan Kharidi: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतिम दिवस लगभग 2939 किसानों ने अपना धान बेचा। इस तरह कुल 1 लाख 47 हजार किसानों से धान खरीदा गया। 30 जनवरी की स्थिति में 12 हजार किसान धान नहीं बेच पाए हैं। पिछले वर्ष से कम किसानों ने धान बेचा है। लगभग 96 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई है। वहीं, खरीदी के अंतिम दिन तेंदूकोना धान उपार्जन केंद्र में टोकन की मांग को लेकर केंद्र में तालाबंदी की गई।
जिले में धान खरीदी का लक्ष्य 115 लाख क्विंटल रखा गया था, लेकिन 19 लाख क्विंटल धान लक्ष्य से कम खरीदी हुई है। इस वर्ष किसानों की संख्या के साथ ही धान की आवक भी कम रही है। 15 नवंबर को धान खरीदी की शुरुआत हुई थी, इसके बाद से ही किसानों को तरह-तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा। टोकन के साथ ही रकबा कम दिखाने की समस्या से किसान इस वर्ष जूझते रहे। कई बार प्रशासन को रकबा संशोधन की तिथि में वृद्धि करना पड़ा। धान खरीदी के अंतिम दिन भी कई केंद्रों में किसानों ने प्रदर्शन किया। डीएमओ आशुतोष कोसरिया ने बताया कि धान खरीदी की तिथि बढऩे के संबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।
तेंदूकोना धान खरीदी केंद्र में टोकन की मांग को लेकर किसानों ने उपार्जन केंद्र के कार्यालय में ताला जडकऱ विरोध प्रदर्शन किया। मिली जानकारी के अनुसार 50 किसानों से 6200 क्विंटल धान की खरीदी नहीं हो पाई थी। सत्यापन होने के बाद भी टोकन जारी नहीं किया गया है। किसान धान नहीं बेच पाए किसानों ने तिथि वृद्धि करने की मांग की है। नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन समाप्त हो गया है।
धान खरीदी की अवधि बढ़ाने को लेकर किसान यूनियन ने रसनी के पास चक्काजाम किया। चक्काजाम में महासमुंद जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर चंद्राकर भी शामिल हुए।
किसान संगठन और राजनीतिक संगठनों ने धान खरीदी की तिथि वृद्धि की मांग की है। जिले में लक्ष्य से 12 हजार किसान धान नहीं बेच पाए हैं। किसानों में आक्रोश है। एक दिन पूर्व भी आप ने धरना प्रदर्शन किया था।