बाजे-गाजे के साथ रैली की शक्ल में कलक्टोरेट पहुंचे और मुहूर्त देखकर पर्चा दाखिल किया।
महासमुंद. भारतीय जनता पार्टी के महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से पूनम चंद्राकर, खल्लारी से मोनिका साहू, बसना से डीसी पटेल एवं सरायपाली से श्याम तांडी बाजे-गाजे के साथ रैली की शक्ल में कलक्टोरेट पहुंचे और मुहूर्त देखकर पर्चा दाखिल किया।
गुरुवार को नामांकन दाखिले के लिए सुबह 1१ बजे से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और पदाधिकारी पुरानी मंडी में एकत्रित हुए। प्रत्याशियों ने मुहूर्त देखकर पहले एक सेट नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वे रैली की शक्ल में शामिल होने के लिए कलक्टोरेट से वापस पुरानी मंडी पहुंचे। रैली पुरानी मंडी गंजपारा से निकली। रैली शहर के बग्गा चौक, नेहरू चौक, बरोंडा चौक होते हुए कलक्टोरेट पहुंची। वहीं गुरुवार को भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के साथ ही जकांछ प्रत्याशी त्रिभुवन महिलांग, कांग्रेस के विनोद चंद्राकर ने एक-एक सेट नामांकन दाखिल किया। आज नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है। प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने के लिए पहुंचेंगे।
21 प्रत्याशियों ने किया नामांकन पत्र दाखिल
विधानसभा निर्वाचन 2018 के अंतर्गत जिला निर्वाचन कार्यालय में 21 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें से कुछ अभ्यर्थियों ने इससे पहले भी नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए थे, इनमें बसना विधानसभा-40 के लिए अनामिका पाल (निर्दलीय), दुर्गाचरण पटेल (भारतीय जनता पार्टी), अशोक प्रधान (शिवसेना), विधानसभा खल्लारी-41 के लिए भुखन लाल साहू (निर्दलीय), संतोष चन्द्राकर (आम आदमी पार्टी), मोनिका साहू (भारतीय जनता पार्टी), सरायपाली विधानसभा -39 से श्याम तांडी (भारतीय जनता पार्टी) शामिल है, जिन्होंने आज भी अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया।
जिन प्रत्याशियों ने आज पहली बार नामांकन दाखिल किया इनमें बसना विधानसभा से कुलेश्वर यादव (एनडीपीएफ), संकल्प दास (आम आदमी पार्टी) एवं द्वारिकाधीश यादव (इंडियन नेशनल कांग्रेस), खल्लारी विधानसभा से परेश अग्रवाल (छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस) एवं महासमुंद विधानसभा से त्रिभुवन महिलांग (छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस), विनोद चन्द्राकर (इंडियन नेशनल कांग्रेस), पूनम चन्द्राकर (भारतीय जनता पार्टी), डॉ. विमल चोपड़ा (निर्दलीय), रमनलाल जांगड़े एवं नानजी बाघमारे (निर्दलीय) एवं सरायपाली विधानसभा से प्रभाकर ग्वाल (आम आदमी पार्टी) प्रतिभा ग्वाल (आम आदमी पार्टी) पद्म चरण नाग (शिवसेना), छबिलाल रात्रे (बहुजन समाज पार्टी) ने आज नामांकन पत्र दाखिल किए।
आठ अभ्यर्थियों ने लिया नाम निर्देश पत्र
जिले में विधानसभा निर्वाचन-2018 के दूसरे चरण में होने वाले निर्वाचन के लिए एक नवंबर 2018 को आठ अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए गए हैं। इनमें सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से सरला कोसरिया एवं सेतराम भास्कर, खल्लारी विधानसभा क्षेत्र से भेखलाल साहू, तेजसिंह एवं दयाराम बघेल, बसना विधानसभा क्षेत्र से देवेन्द्र बहादुर सिंह एवं केदारनाथ पटेल एवं महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से गोविन्द साहू द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए हैं।