
विरोध के बाद अंडरब्रिज पर भी नहीं बनी सहमति (Photo Source- Patrika)
Railway Underbridge Project: रेलवे क्रॉसिंग के पास रोड ओवरब्रिज बनाने की योजना बनी, शिलान्यास हुआ, विरोध के बाद विकल्प भी बदला, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हो सका। तुमगांव रोड पर करीब छह करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित रोड ओवरब्रिज ढाई साल बाद भी अधर में है। रोड ओवरब्रिज बनाने पर विरोध हुआ तो अंडरब्रिज का प्रस्ताव आया, लेकिन जलभराव की आशंका ने उस पर भी ब्रेक लगा दिया। रेलवे अब तक यह तय नहीं कर पाया है कि निर्माण किस तरह होगा। महासमुंद रेलवे स्टेशन पर 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से इस परियोजना का शिलान्यास किया था।
उम्मीद थी कि निर्माण पूरा होने के बाद तुमगांव रोड रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन सुगम होगा और लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर सहमति नहीं बन सकी। क्रॉसिंग के आसपास रहने वाले लोगों के साथ भाजपा के कुछ नेताओं ने भी रोड ओवरब्रिज के प्रस्ताव का विरोध किया। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई गईं। विरोध के बाद अंडरब्रिज निर्माण का विकल्प सामने आया। लेकिन इस स्थान पर बारिश के दौरान पानी भरने की आशंका के कारण यह विकल्प भी अंतिम रूप नहीं ले सका।
इस तरह परियोजना का स्वरूप बदलने की कवायद तो हुई, लेकिन निर्माण शुरू करने का रास्ता नहीं निकला। इस क्षेत्र में आसपास की जमीन पर अतिक्रमण होने की बात भी सामने आ रही है। परियोजना में देरी के बीच इन मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी काम प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है। ज्ञान चोपड़ा ने बताया कि वे इस मामले में रेलवे अधिकारियों से मुलाकात कर चर्चा करेंगे। वहीं, रेलवे के एडीईएन राम बाबू ने बताया कि ओवरब्रिज या अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर प्रक्रिया अभी जारी है।
तुमगांव रोड रेलवे क्रॉसिंग से रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कई लोग गुजरते हैं। ठेले वाले और पशुपालक भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग रेलवे क्रॉसिंग के निर्धारित रास्ते के बजाय सीधे पटरी पार करते हैं। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। कई बार स्कूल के बच्चें भी क्रासिंग क्रॉस करते हैं।
रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अगस्त 2023 में आधुनिकीकरण की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से स्टेशन परिसर में सुधार और निर्माण संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। फिलहाल फिनिशिंग का काम जारी बताया जा रहा है। सितंबर 2026 तक काम पूरा करने की बात कही गई थी, लेकिन अक्टूबर 2026 तक भी यात्रियों को पूरी तरह विकसित स्टेशन की सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, काम पूरा होने की तारीख आगे बढऩे से इंतजार लंबा हो गया है। अंतिम चरण में कार्य बताया जा रहा है।
महासमुंद शहर के दलदली रोड रेलवे क्रॉसिंग पर भी आवागमन का दबाव बढ़ रहा है। शहर की आबादी बढऩे के साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना विभिन्न कामों के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में क्रॉसिंग पर लोगों और वाहनों की भीड़ लग जाती है, जिससे आवाजाही प्रभावित होती है। इस स्थान पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए पहले सर्वे भी किया जा चुका है।
Updated on:
20 Oct 2026 12:44 pm
Published on:
20 Oct 2026 12:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
