
महासमुंद. छत्तीसगढ़ में बारिश के अब डेंगू मच्छरों ने भी दस्तक दे दी है। जिले में मलेरिया रोग प्रसार की संभावनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दस्त एवं मलेरिया रोग से उपचार एवं बचाव के लिए जरूरी सलाह दी गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एसबी मंगरूलकर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि बुखार आने पर अपने-अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा मितानिन से संपर्क कर अनिवार्य रूप से खून की जांच कराएं एवं उनके द्वारा प्रदाय दवाई का निर्धारित मात्रा में तत्काल सेवन करें, ताकि किसी भी प्रकार के अप्रत्याशित स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि दस्त में बार-बार शौच जाना पड़ता है।
दस्त ज्यादातर 2 से 3 दिन तक रहता है। यदि ये इससे अधिक समय तक रहे, तो यह अन्य समस्याओं की निशानी हो सकते हैं। यदि दस्त 3 दिन में ठीक नहीं होता है या आप की तबियत और खराब हो जाती है, तो अपने चिकित्सक से सलाह लें, यदि शिशुओं और बच्चों को एक से अधिक दिन दस्त रहते हैं, तो चिकित्सक से मिलें और परामर्श लें।
उन्होंने बताया कि कुछ आहार जिनसे दस्त हो सकते हैं या बढ़ सकते हैं, के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें अधिक रेशे वाले, मसाले वाले, चरबी वाले या तले हुए खाद्य पदार्थ से, अत्यधिक गर्म या ठंडा आहार से, शराब, दुध और डेयरी उत्पाद से, काफी, चाय, चाकलेट वाले खाद्य या पेय पदार्थ से दस्त की शिकायत में ज्यादा आ सकती है।
भोजन से पूर्व और शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोयें, पानी को शुद्व रखने के लिए क्लोरीन की गोलियों का उपयोग करें। उन्होंने मलेरिया रोग के उपचार एवं बचाव की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात और ठंड के मौसम में जर-बुखार का मुख्य कारण मलेरिया है।