महासमुंद

OMG! जब लोगों का भड़का गुस्सा तो मेनगेट से नहीं पीछे के दरवाजे से निकले मंत्री जी

छत्तीसगढ़ के मंत्री दयालदास बघेल उस वक्त संकट में आ गए, जब उन्हें सतनामी समाज के लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2017, 1:59 PM IST
Chhattisgarh Minister Dayaldas Baghel
OMG! भड़का गुस्सा तो मेनगेट से नहीं पीछे के दरवाजे से निकले मंत्री जी

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के मंत्री और महासमुंद जिले के नए प्रभारी दयालदास बघेल उस वक्त संकट में आ गए, जब उन्हें सतनामी समाज के लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। समाज के लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उन्हें कलक्टोरेट के पिछले दरवाजे से निकलना पड़ा। बघेल यहां जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने आए थे।

दरअसल, उनके कलक्टोरेट पहुंचते ही सतनामी समाज के लोग कलक्टोरेट के गेट पर रोड जाम कर बैठ गए। वे ग्राम नांदगांव में जैतखाम पर तोडफ़ोड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलक्टर से चर्चा के लिए अड़े हुए थे। चूंकि कलक्टर मंत्री की बैठक में थे, उनके इंतजार में नारेबाजी करते हुए समाज के लोग गेट के सामने ही धरने की शक्ल में बैठ गए थे। भीतर बैठक चल रही थी और बाहर भारी नारेबाजी हो रही थी।

बैठक समाप्त होते ही मंत्री रवानगी के लिए वाहन पर सवार हुए, किन्तु सामने प्रदर्शनकारियों को देखते हुए उन्हें कलक्टोरेट के पिछले गेट से निकाला गया, जो प्राय: बंद रहता है। जनपद कार्यालय परिसर से सतनामी समाज के लोगों की रैली दोपहर करीब तीन बजे कलक्टोरेट पहुंची। इसी समय जिले के नए प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल भी जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक के लिए पहुंचे।

पुलिस ने रैली को कलक्टोरेट रोड पर रोकने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए प्रदर्शनकारी कलक्टोरेट गेट तक पहुंच गए। पुलिस ने मंत्री के काफिले के अंदर होते ही गेट बंद कर दिया था। प्रदर्शनकारी गेट के सामने ही बैठकर नारेबाजी करने लगे। गेट पर भारी नारेबाजी हो रही थी और भीतर सभाकक्ष में मंत्री समीक्षा बैठक ले रहे थे। प्रदर्शनकारी कलक्टर से चर्चा के लिए अड़े रहे।

समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल को चर्चा के लिए बुलाया गया। समाज प्रमुखों ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आगामी 13 नवम्बर को पूरे छत्तीसगढ़ से समाज के लोग आएंगे और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। चर्चा के दौरान पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी भी मौजूद थे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाज के रायपुर जिला प्रमुख उपेन्द्र सतनामी ने बताया कि कलक्टर ने इस मामले में समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Updated on:
3 Nov 2017, 1:59 PM IST
Published on: