
महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आधी रात एक ट्रक से लूटपाट को अंजाम दिया था। पिथौरा के ग्राम डोंगरीपाली के पास मंगलवार-बुधवार की रात हुई ट्रक से लूटपाट के मामले में पुलिस ने 48 घण्टे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने मारपीट कर ट्रक चालक से नकद रखे 16 हजार रुपए और एक मोबाइल लूट कर लिए थे।
पुलिस के अनुसार रविवार को ग्राम कुशेस्वर जिला दरभंगा बिहार के जय रतन यादव ट्रक क्रमांक डब्लू बी 23 डी 8021 में अनार भरकर शोलापुर महाराष्ट्र से गोजडंगा (बंगाल) के लिए निकला था। पिथौरा के पास ट्रक खराब हो गई। ट्रक को सुधरवाने चालक रात 12 बजे टप्पा स्थित एक ढाबा के पास पहुंचा। जहां चार युवक पहले से बैठे हुए थे। चालक ने युवकों को समस्या बताई। इसके बाद युवकों ने ट्रक सुधारने की बात कही।
इन आरोपियों ने एक युवक राकेश यादव को ट्रक मैकेनिक बताया और उनकी ही ट्रक में बैठ कर डोंगरीपाली की ओर निकल गए। इसके बाद आरोपियों ने ट्रक डोंगरिपाली मोड़ के पास रोककर खलासी और ड्राइवर के साथ मारपीट कर उनके पास नकदी रखे 16 हजार रुपए और मोबाइल लूटे।
इधर रात करीब एक बजे डोंगरीपाली के एक ढाबा संचालक द्वारा घटना की जानकारी पिथौरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तत्काल एएसआई एस के तांडेकर घटना स्थल पर पहुंचे ओर पूरी घटना की जानकारी पिथौरा थाना प्रभारी लितेश सिंह को दी। इसके बाद लगातार रात में ही जांच कर आरोपियों के मोबाइल ट्रेस करवाया गया। इसके बाद चारों आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपियों में प्रशांत चौबे, सुमित शर्मा, अनिल वासुदेव और राकेश यादव शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, नकदी व बाइक जब्त की।