
अरेकेल(बसना). क्राइम ब्रांच की टीम ने ओडिशा से धान का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को शनिवार की रात पकड़ा। 70 बोरी धान जब्त कर कृषि उपज मंडी के सुपुर्द कर दिया गया। धान का मालिक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
24 नवंबर को क्राइम ब्रांच प्रभारी परेश पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ में आ रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम अलर्ट हो गई। ग्राम कुदारीबहारा थाना बसना ओडिशा सीमा पर एक ट्रैक्टर को रोका गया। क्राइम ब्रांच को चालक ने अपना नाम चेतराम साव पिता भगतराम (45) कपसाकुटा थाना बसना जिला महासमुंद का रहना बताया। पूछताछ में उसने बताया कि मैं ट्रैक्टर का चालक हूं और ट्रैक्टर मालिक गुणसागर पिता कुबेर साव (30) कुदारीबाहरा के साथ ट्रैक्टर में 70 बोरी धान भरकर ग्राम लोहरसिंग ओडिशा से आ रहे थे।
इसके पहले पुलिस चेकिंग को देखकर ट्रैक्टर का मालिक गुणसागर ट्रैक्टर से उतरकर जंगल की तरफ भाग गया। चालक सहित 70 बोरी धान को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना बसना के माध्यम से कृषि उपज मंडी को सुपुर्द कर दिया गया। क्राइम ब्रांच की टीम को टै्रक्टर मालिक की तलाश है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में की गई। सम्पूर्ण कार्रवाई क्राइम प्रभारी परेश पांडेय, सायबर प्रभारी संजय राजपूत, प्रधान आरक्षक जनक उरांव, आरक्षक डिग्री नंद, संदीप भोई, ललित यादव, युगल पटेल, रमाकांत साहू द्वारा की गई।
बाहर से आने वाले धान पर कड़ी नजर
वर्तमान में ओडिशा से आने वाले धान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक महीने तीन-चार मामले सामने आए हैं, जिसमें ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ में खपाने के फिराक में कुछ लोग पकड़े गए। सांकरा पुलिस ने भी ओडिशा से धान परिवहन करने के मामले में एक व्यक्ति को पकड़ा था। ज्ञात हो कि पुलिस ओडिशा सीमावर्ती इलाकों में नजर रख रही है। वहीं राजस्व अधिकारियों को भी धान खरीदी कार्य का नियमित रूप से निरीक्षण करने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र ओडिशा से लगे धान खरीदी केंद्र की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।