महासमुंद

महतारी व संजीवनी खुद बीमार, कर्मचारी हड़ताल पर जाने से मरीजों को हो रही परेशानी

मेंटनेंस के अभाव में कभी ये गाडिय़ां आपात स्थिति में जरूरतमंदों को धोखा दे सकती हैं। यही नहीं, गंभीर मरीजों को इन वाहनों में ऑक्सीजन की सुविधा नहीं मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2018, 9:00 PM IST
cg news
महतारी व संजीवनी खुद बीमार, कर्मचारी हड़ताल पर जाने से मरीजों को हो रही परेशानी

महासमुंद. बीमारों को अस्पताल पहुंचाने वाली संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस खुद बीमार हैं। मेंटनेंस के अभाव में कभी भी ये गाडिय़ां आपात स्थिति में जरूरतमंदों को धोखा दे सकती हैं। यही नहीं, गंभीर मरीजों को इन वाहनों में ऑक्सीजन की सुविधा भी नहीं मिलेगी।

महासमुंद जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों की संख्या 7 है और 102 महतारी एक्सप्रेस की संख्या 11 है। एक एम्बुलेंस काफी पुरानी हो गई है, जिसे बदलने की जरूरत है। जिम्मेदारों ने ऐसा खुद कहा। वहीं अन्य वाहनों की भी हालत कुछ ठीक नहीं है। दो महीने बसना में ऐसा ही हुआ। मरीजों को जब संजीवनी एक्सप्रेस की जरूरत पड़ी, तब नहीं मिली। कई बार वाहन होने के बावजूद मरीजों को इसकी सुविधाएं नहीं मिलती। ज्ञात हो कि राज्य सरकार जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई योजना चला रही है। उनमें से संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस एक है।

कई बार महतारी एक्सप्रेस समय पर नहीं पहुंच पाती। इसलिए प्रसूताओं को परेशानी होती है। इस वाहन में ड्राइवर के साथ सहायिका या एक सहायक का होना भी जरूरी है, लेकिन कई बार सहायिकाएं प्रशिक्षित नहीं होने से इसका खामियाजा प्रसूताओं को ही भुगतना पड़ता है। वहीं छह सूत्रीय मांगों को लेकर जीवीके कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। चुनावी वर्ष होने की वजह से कर्मचारी मांगों को लेकर जिद पर अड़े हैं। 81 में से सिर्फ चार कर्मचारी ही काम पर लौटे हैं। अस्थायी तौर पर वाहनों में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।

कई बार फोन लगाने के बाद भी संजीवनी या महतारी एक्सप्रेस समय पर नहीं पहुंचती। इस कारण परिजन प्राइवेट वाहन लेकर संबंधित अस्पताल पहुंचते हैं। इसमें काफी खर्च हो जाता है। कई लोगों को एम्बुलेंस की जानकारी भी नहीं होती। हालांकि, राज्य सरकार ने एम्बुलेंस की सुविधा मुहैया कराने का प्रचार-प्रसार भी किया है, लेकिन अधिकतर लोगों को अभी भी जानकारी नहीं है।

जिला जीवीके प्रभारी, सूरज राव ने बताया जिले में एक वाहन ही पुराना है, जो बागबाहरा में है, जिसे बदला जाएगा। वहीं 102 और 108 में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। 78 कर्मी अभी हड़ताल पर हैं, 4 ही वापस लौटे हैं। कुछ वाहनों को मेंटेनेंस की जरूरत है।

Published on: