महासमुंद

CG Dhan Kharidi: काम पर लौटे कर्मचारी, 182 केंद्रों में धान खरीदी के लिए टोकन जारी

CG Dhan Kharidi: किसान अपनी सुविधानुसार ऐप में लॉगिन कर निर्धारित मानदंडों के अनुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं। किसानों द्वारा आवेदन करने की तिथि से अगले सात खरीदी दिवस तक का टोकन जारी किया जा सकता है।
2 min read
Nov 24, 2025
CG Dhan Kharidi: काम पर लौटे कर्मचारी, 182 केंद्रों में धान खरीदी के लिए टोकन जारी
182 केंद्रों में धान खरीदी के लिए टोकन जारी (Photo Patrika)

CG Dhan Kharidi: महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम आज से रफ़्तार कड़ने वाला है। सोमवार को जिले के सभी 182 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए टोकन वितरण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

इस वर्ष टोकन जारी करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया गया है। किसानों की सुविधा के लिए नवीन टोकन व्यवस्था लागू करते हुए निर्धारित पात्रता के आधार पर टोकन जारी किए जा रहे हैं। अब 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक के कृषकों को अधिकतम 2 टोकन व 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन की पात्रता निर्धारित की गई है। किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने टोकन तुहर ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई है।

इसके माध्यम से कुल उपलब्ध टोकनों में से 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत टोकन दीर्घ किसानों के लिए आरक्षित किए गए हैं। किसान अपनी सुविधानुसार ऐप में लॉगिन कर निर्धारित मानदंडों के अनुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं। किसानों द्वारा आवेदन करने की तिथि से अगले सात खरीदी दिवस तक का टोकन जारी किया जा सकता है।

जिले में धान का अवैध परिवहन एवं भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सरायपाली के ग्राम बलौदा में एसडीएम सरायपाली के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग और मंडी प्रबंधन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान टिकेश्वर साहू के गोदाम में अवैध रूप से संग्रहित धान पाया गया। टीम ने मौके पर 450 कट्टा अवैध धान जब्त करते हुए विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में गोदाम को सील किया गया। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान की अवैध खरीदी-बिक्री, परिवहन व भंडारण पर रोक लगाने कार्रवाई जारी रहेगी।

2828 टोकन जारी अब तक 1 लाख 61 हजार क्विंटल धान खरीदी

जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने बताया कि कर्मचारी अपने काम पर लौट आए हैं और आज सभी केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होगी। जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि सोमवार को जिले के 182 धान खरीदी केंद्रों के लिए कुल 2828 टोकन जारी किए गए हैं।

जिले में धान खरीदी केंद्रों में अब तक कुल 1,61,779 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए लगातार खरीदी केंद्रों में पहुंच रहे हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों के अनुसार खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा, तौल और व्यवस्था की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है।

Updated on:
24 Nov 2025 02:08 pm
Published on:
24 Nov 2025 02:08 pm