
महाराजगंज. नगर पंचायत चुनाव में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। भाजपा के लिए यह चुनाव कितना महत्वपूर्ण है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने संकल्प पत्र जारी कर Smart City तक की घोषणा कर दी है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं प्रचार का ऐलान कर दिया है। नगर निकाय का यह पहला चुनाव है जिसमें कोई मुख्यमंत्री सीधे तौर पर शामिल हुआ हो। इतना ही नहीं पार्टियों के तरफ से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के पक्ष में कई बड़े भी सक्रिय हो गए हैं। इसकी वजह यह है कि इस बार नगर निकायों के अध्यक्ष पदों के उम्मीदवारों का टिकट स्थानीय विधायक अथवा पूर्व विधायकों या हारे हुए प्रत्याशियों के सिफारिश पर दिया गया है। माना जा रहा है कि निकायों का चुनाव परिणाम ही अगली बार विधायकी की उम्मीदवारी तय करने का पैमाना होगा।
महराजगंज नगरपालिका (Maharajganj Nagar Palika) के लिए भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के वक्त सांसद पंकज चौधरी और विधायक की मौजूदगी इसी वजह से देखा जा रहा है। यही हाल सपा उम्मीदवार के लिए पूर्व विधायक सुदामा प्रसाद,बसपा उम्मीदवार के पक्ष में बसपा प्रत्याशी निर्मेश मंगल सक्रिय हैं वहीं काग्रेस उम्मीदवार अख्तर अब्बासी के लिए विधायक का चुनाव लड़ चुके आलोक प्रसाद जी जान से जुटे हुए हैं।
आनंदनगर Nagar Panchayat में भाजपा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेश जायसवाल के पक्ष में क्षेत्रीय विधायक बजरंगी सिंह लगातार बैठकें कर रहे हैं। सपा उम्मीदवार शंकर जायसवाल के पक्ष में सपा के पूर्व विधायक विनोद तिवारी जी जान से लगे हुए हैं। यहां दिलचस्प मामला यह है की अंतिम समय में सपा ने अपने पूर्व घोषित प्रत्याशी विनोद गुप्ता का टिकट काट दिया। विनोद गुप्ता अब निर्दल चुनाव लड़ रहे हैं। सपा का वह धड़ा जो विनोद गुप्ता को टिकट दिलवाया था वह अब भी विनोद गुप्ता के लिए लगा हुआ है। बसपा प्रत्याशी संजय सराफ के पक्ष मे विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय सभा करने आ सकते हैं तो कांग्रेस उम्मीदवार तनवीर के लिए पूरा कांग्रेस संगठन लगा हुआ है।
नगरपालिका नौतनवां में मुकाबला बड़ा दिलचस्प है। भाजपा ने यहां एक गैर भाजपाई को उम्मीदवार बना दिया है। नतीजा यह है कि भाजपा का स्थानीय संगठन भाजपा से किनारा कर लिया। विधानसभा के लिए चुनाव लड़े समीर त्रिपाठी पार्टी उम्मीदवार को लेकर अलग थलग पड़ गए हैं। यहां से निर्दलीय विधायक अमनमणि समर्थक निर्वतमान चेयरमैन गुड्डू खान चुनाव मैदान मे है। अमनमणि स्वयं को भाजपा विधायक मान रहे हैं। अब वे इस धर्मसंकट में हैं कि गुड्डू का साथ दें या भाजपा उम्मीदवार का। सपा उम्मीदवार के पक्ष में पूर्व विधायक मुन्ना सिंह जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। नगरपंचायत घुघुली सिसवा तथा निचलौल मे भी हालात ऐसे ही हैं जहां पार्टी उम्मीदवारों के अलावा बड़े नेता जी- जान से लगे हुए हैं।