जिले की विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे थे प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री
महराजगंज. जिले की विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनी और उनसे फीडबैक लिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने प्रमुखता से बिंदुवार समस्याओं को उठाते हुए कहा कि जनपद का राशन दूसरे जनपद में भेजा जा रहा है।
कहा कि कार्यकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ करवाई आवश्यक है। तभी सरकार की छवि निखरेगी। वहीं सिसवा के विधायक प्रेम सागर पटेल ने भी किसानों की पीड़ा से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने बैठक में कहा कि पीसीएफ प्रबंधक ने भ्रष्टाचार की सारी सीमा लांघ दी है। ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को तत्काल निलंबित कर उच्चस्तरीय जांच कराई जाय। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जनार्दन गुप्त ने कहा कि अपनी सरकार अन्य सरकारों से बेहतर कार्य कर रही है। किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में सरकार कदम बढ़ा चुकी है।
फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं को पलीता लगाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कत्तई बक्शा नही जाय। प्राक्कलन समिति के सभापति ज्ञानेंद्र सिंह ने कहाकि कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान होना चाहिए। कार्यकर्ता सरकार की बदनामी नही सह सकता है। उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
सांसद पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहाकि कार्यकर्ताओं के एक एक बिंदु पर गंभीरता से समीक्षा बैठक में विचार किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहाकि कार्यकर्ताओं के सम्मान की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओ का मान सम्मान अधिकारियों व कर्मचारियों को करना होगा। कार्यकर्ताओ का उत्पीड़न बर्दाश्त नही किया जाएगा। बिगड़ी हुई व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। साथ ही मंत्री ने कहा कि 2019 का चुनाव हमारे सामने चुनौती की तरह है।
उन्होने कहा देश मे नरेंद्र मोदी जी व प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में देश व प्रदेश आगे बढ़ रहा है। सबका साथ सबका विकास का संकल्प लेकर भाजपा सरकार हर वर्ग हर जाति के लिए कार्य कर रही है।कार्यकर्ताओ ने थानों में आ रही समस्याएं रखी, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों की कमी ,गावो में खाद गढ्ढे, खलिहान पर अवैध कब्जे को लेकर अधिकारियों द्वारा अवैध वसूली और उत्पीड़न की समस्या, विधवा वृद्धा पेंशन, प्रधान मंत्री आवास योजना में लापरवाही की समस्या सुनाई।