
महराजगंज . यूपी के महराजगंज जिले के फरेंदा कोतवाली क्षेत्र के आनंदनगर कस्बे के मिल गेट चौराहे पर मंगलवार की रात 10:00 बजे दुकान बंद कर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे सर्राफा व्यापारी को पल्सर सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल सर्राफा व्यवसाई को सीएचसी बनकटी ले गई जहां गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सर्राफा व्यापारी संजय वर्मा मिल गेट पर पूजा ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। मंगलवार की रात 9:00 बजे रोज की भांति दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर थोड़ी दूर पर स्थित अपने आवास जाने के लिए.बाइक पर बैठने वाले थे कि अचानक कस्बे की ओर से पल्सर सवार तीन बदमाश आए और जेवरात से भरे बैग को छीनने का प्रयास करने लगे । बैग छीनने में कामयाब नहीं हुए तो बदमाश सर्राफा व्यापारी को ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दिए।देर रात कसबे के व्यस्ततम इलाके मे गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई।दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे दुकानदार फटाफट शटर डाउन कर घर के अंदर हो लिए। घटना के काफी देर तक कस्बे में दहशत का माहौल कायम रहा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायल व्यापारी को नगर पंचायत के एंबुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गई जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।वहां से उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज ले जया।यहां भी घायल की स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर सत्येंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि घायल व्यापारी को अस्पताल भेज दिया गया घटना की जांच की जा रही है।
चर्चा है कि संजय वर्मा बहुत ही कम समय मे सर्राफा व्यापार मे आश्चर्य जनक कामयाबी हासिल की थी। मुमकिन है इस वजह से भी बदमाशों की नजर संजय वर्मा पर टिकी थी।।
By Yashoda Srivastava