
महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा की खनुआ चौकी पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान मंजीत कुमार (33) ने शनिवार देर रात अपनी जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी। घटना रात करीब एक बजे की है।
धमाके जैसी आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान भागकर बिल्डिंग के पीछे पहुंचे, जहां मंजीत गंभीर हालत में मिले। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी मंजीत SSB की 66वीं वाहिनी में तैनात थे। साथियों के अनुसार वे करीब पांच दिन पहले ही अवकाश बिताकर लौटे थे और तब से तनाव में नजर आ रहे थे। दो साल पहले मंजीत की शादी हुई थी और उनका ढाई महीने का बेटा है। इसी अवधि में उनके बड़े भाई का भी निधन हो गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस और SSB के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने मंजीत के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
खबर अपडेट की जा रही है...