
डंपर और बाइक में भीषण भिड़ंत(सोर्स: पत्रिका)
UP Accident News: महराजगंज में मंगलवार की रात निचलौल-महराजगंज मार्ग पर भारत गैस एजेंसी के पास भीषण दुर्घटना हुई जिसमें एक ही बाइक पर सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये सभी एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे कि डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में तीन की मौके पर, जबकि एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात पचमा के रहने वाले चार युवक सन्नी, शिव, विवेक और संतोष दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकले। रात 8.30 बजे निचलौल महाराजगंज मार्ग पर दमकी गांव के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तीन लड़कों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। सबसे बुरी खबर है कि चारों एक ही परिवार से हैं जिसमे विवेक और संतोष सगे भाई थे।
दुर्घटना में तेज धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़े, थोड़ी ही देर में सैकड़ों लोग जुट गए। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि डंपर चालक बाइक को बचाने की कोशिश में बैलेंस खो बैठा, जिसके बाद डंपर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। थाना प्रभारी निचलौल योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को CHC निचलौल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
डंपर की भीषण टक्कर से बाइक बुरी तरह डैमेज हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पचमा गांव में एक साथ चार युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक फैल गया, CHC पहुंचे परिजनों की चीत्कार से पूरा परिसर दहल उठा।
Updated on:
19 Aug 2026 03:48 pm
Published on:
19 Aug 2026 07:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
