
दाल की कटोरी में मिला मेढ़क(सोर्स: पत्रिका)
Frog Found in Meal: रविवार सुबह महराजगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों को परोसे गए खाने में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। कक्षा 9 के एक छात्र की थाली में दाल के साथ मेंढक दिखाई दिया। इसे देखते ही छात्र घबरा गया और आसपास बैठे बच्चों को जानकारी दी। दाल में मेढ़क देख और छात्र भी सकते में आ गए और खाना छोड़ दिए। भोजन की साफ-सफाई को लेकर नाराज छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंचा और बच्चों को समझाकर शांत कराया। कुछ ही देर में अभिवावकों तक भी सूचना पहुंच गई और वे भी स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जताए।
जानकारी के मुताबिक नवोदय स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक करीब सौ बच्चे आवासीय रूप से पढ़ते हैं। बच्चों के लिए सुबह का भोजन तैयार किया जाता है। सुबह करीब 9 बजे नाश्ते के बाद छात्रों को दाल, चावल और सब्जी परोसी गई थी। इसी दौरान कक्षा 9 के एक छात्र की थाली में दाल के अंदर मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह देख छात्र घबरा गया और उसने शोर मचा दिया। पास बैठे दूसरे छात्रों ने भी अपनी थालियां देखनी शुरू कर दीं। इसके बाद बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
छात्रों के हंगामे की जानकारी मिलते ही विद्यालय के उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों से पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें समझाकर शांत कराया। स्कूल प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई। दीपक कुमार ने बताया कि बच्चों के भोजन में दाल, चावल और सब्जी बनी थी। एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने की शिकायत सामने आई है। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनके मुताबिक, सभी बच्चे फिलहाल स्वस्थ हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कुछ अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए, और स्कूल के जिम्मेदार लोगों पर लापरवाही का इल्ज़ाम लगाने लगे। उन्होंने भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था पर सवाल उठाए। अभिभावकों का कहना था कि नवोदय विद्यालय में बच्चों के खाने की गुणवत्ता पर सवाल गंभीर मामला है। सभी इसकी शिकायत ऊपर के अधिकारियों से करने की बात कहे। विद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मेंढक भोजन तैयार करते समय दाल में गिरा या भोजन परोसने से पहले सफाई और जांच के दौरान लापरवाही हुई। जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह सामने आएगी।
Updated on:
16 Aug 2026 06:18 pm
Published on:
16 Aug 2026 06:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
