
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (IANS Photo)
Uttar Pradesh News: नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर उठे सवालों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन सरकार ने पहले दिन से ही दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की। साथ ही दावा किया कि आंदोलन में छात्रों के साथ असामाजिक तत्व भी शामिल थे। पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए साल 1984 के दंगों का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं का भी बचाव करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है।
पंकज चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा युवाओं की चिंता की है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन सरकार ने पहले ही दिन तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पंकज चौधरी ने कहा कि जांच में जहां-जहां दोषी पाए गए, उनमें छात्रों के साथ-साथ असामाजिक तत्व भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ हल्का बल प्रयोग हुआ, जो नहीं होना चाहिए था, लेकिन कभी-कभी परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज आरोप लगा रहे हैं और मुझे ज्ञान दे रहे हैं, वे 1984 के दंगों को भी याद करें।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर पंकज चौधरी ने कहा कि जहां तक कांवड़ यात्रा का विषय है, अगर आप देखें तो सरकार कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, जो उनके साथ पहले भेदभाव होता था, उस भेदभाव को खत्म किया है। तो सारी सुविधाएं उन्हें मुहैया कराई हैं, ताकि कांवड़ यात्री ठीक से अपनी यात्रा पूरी कर सकें। इसमें जिसको लगता हो राजनीति करना, कोई बोल करके करना चाहता हो, एक पक्ष को खुश करना चाहता हो, वो कर सकता है। जो सरकार का दायित्व है, कोई भी यात्रा हो रही है उसकी सकुशल यात्रा संपन्न हो और व्यवस्थाएं करनी चाहिए, उसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्था की है।
Updated on:
30 Jul 2026 09:55 pm
Published on:
30 Jul 2026 09:51 pm
