महू

शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का ‘गड्ढा आंदोलन’, दे डाली उग्र आंदोलन की चेतावनी

Pit Protest Against Liquor Shop : शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं ने अनोखा 'गड्ढा आंदोलन' किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क खुदवाकर आम रास्ता रोक लिया। स्कूल के सामने प्रस्तावित दुकान को लेकर गुस्सा भड़का। चक्काजाम और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
2 min read
Mar 29, 2026
Pit Protest Against Liquor Shop
शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का 'गड्ढा आंदोलन' (Photo Source- Patrika)

Pit Protest Against Liquor Shop :मध्य प्रदेश के डॉ. आंबेडकर नगर यानी महू जिले के अंतर्गत आने वाले महू-नीमच हाईवे पर प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का विरोध अब अनोखे और निर्णायक तौर पर सामने आया है। चिनार वैली और अदिति विहार के बीच बनने वाली इस दुकान को रोकने के लिए महिलाओं ने सीधे सड़क हादसे ही उखाड़ दी, ताकि कोई वाहन वहां तक पहुंच ही न सके। गुरुवार शाम महिलाओं ने जेसीबी बुलाकर प्रस्तावित स्थल तक जाने वाली कच्ची सडक़ को जगह-जगह से खोद डाला। गहरे गड्ढों की वजह से अब उस रास्ते से किसी भी वाहन का गुजरना असंभव हो गया है।

दुकान नहीं खुलने देंगे, चाहे कुछ भी हो

महिलाओं का कहना है कि शराब ठेकेदार के कर्मचारी पिछले दिनों मुरम डालकर जमीन समतल करने पहुंचे थे और दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही कॉलोनी की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया। रात के समय निर्माण शुरू होने की आशंका को देखते हुए महिलाओं ने खुद ही रास्ता खत्म करने का फैसला लिया और जेसीबी से गड्ढे खुदवा दिए।

ठेकेदार पर नजर, महिलाओं का पहरा

शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का 'गड्ढा आंदोलन' (Photo Source- Patrika)

विरोध के बाद भी ठेकेदार के लोगों की गतिविधियां जारी रहने की आशंका के चलते महिलाओं ने मोर्चा संभाल रखा है। रोजाना शाम से देर रात तक महिलाएं मंदिर और गार्डन में एकत्र होकर प्रस्तावित स्थल पर नजर रख रही हैं। कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई चोरी-छिपे निर्माण कार्य शुरू न कर सके।

स्कूल के सामने दुकान, सुरक्षा पर सवाल

रहवासियों ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान के ठीक सामने एक निजी स्कूल संचालित होता है, जहां रोजाना सैकड़ों बच्चे आते-जाते हैं। महिलाओं का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थान पर शराब दुकान खुलना बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के साथ सीधा समझौता होगा।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

मामले को लेकर महु एसडीएम राकेश परमार का कहना है कि, चिनार वैली, अदिति विहार क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध के संबंध में आबकारी विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। संबंधित विभाग आगामी कार्रवाई करेगा।

Published on:
29 Mar 2026 08:31 am