मंडला

जादू टोने के शक में गांववालों ने किया एक घर हमला

सामान लूटे, मारपीट की, घर में की जमकर तोडफ़ोड़
2 min read
• •
Updated: 19 May 2019, 10:00 AM IST
A house attack by villagers suspected of witchcraft
A house attack by villagers suspected of witchcraft

मंडला। थाना नैनपुर अंतर्गत ग्राम मक्के में शनिवार को अचानक एक घर पर गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से हमला कर दिया, घर की बिजली कनेक्शन काट दिया, घर में जमकर तोडफ़ोड़ की, सामान लूटे, घर में रह रहे परिवार के साथ भी मारपीट तय थी, तभी 100- डायल और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पीडि़त परिवार को थाने लाया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में बवाल मचा हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, इस घटना का कारण जादू टोने का संदेह बताया जा रहा है। जिस मकान पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, उसके खिलाफ पिछले एक महीने से आक्रोश पनप रहा है जो कल इस तरह फूटा और गांव के लोग पीडि़त परिवार के जान के दुश्मन बन गए। ग्रामीणों का कहना है कि कई महीने से ग्रामीण उक्त परिवार के टोने टोटके से परेशान हैं और वे उन्हें इस गांव में नहीं रहने देना चाहते।
कई माह से हैं बीमार
जानकारी के अनुसार, पिछले कई महीनों से गांव के लोग बीमार पड़ रहे हैं। इनमें सुमिता पिता सुखदेव गोस्वामी,13 वर्ष, लकी पिता बाल मुकुंद 9 वर्ष, नीलगिरि गोस्वामी 60 वर्ष, सपना जंघेला आदि बीमार पड़े हुए हैं। लंबे समय से बीमारी उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। यहां तक कि उक्त परिवार के लोग बीमारों का नागपुर जबलपुर तक का इलाज करवा चुके हैं लेकिन कोई लाभ नही मिल पा रहा है। लगातार बीमार होने का शक गाँव वाले इस परिवार पर कर रहे है और टोने टुटके का आरोप लगा रहे है गांव वाले का कहना है ये परिवार छिन्दवाड़ा जिला का है और कई बार गांव बदल चुका है। अनेक गांववालों ने इन्हें अपने यहां रहने नही दिया।
चार सदस्यों का है परिवार
मक्के गांव के जिस परिवार पर ग्रामीण टोने टोटके का आरोप लगा रहे हैं। उनमें चार सदस्य हैं, अशोक, उमेद, रेवा, बीसेक गिरी। ये सभी उक्त गांव में लगभग 30 वर्षों से रह रहे हैं और नजदीक के माखा गांव में खेती करते हैं। कल अचानक भारी संख्या में एकजुट ग्रामीणों ने उक्त परिवार के घर पर हमला कर दिया और बिजली के तार काट दिए, घर लूटा और अनाज आदि लूट कर ले गए। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति पर नियंत्रण किया जा सका। अपनी आखों के सामने से खुद का आशियाना लूटते देख और मौत का मंजर सामने से देख पीडि़त परिवार बुरी तरह सहमा हुआ है। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में आए दिन विवाद होता रहता है। इससे पहले भी दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की जा चुकी है। एक शिकायत शुक्रवार की रात को पीडि़त परिवार ने की थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एक शिकायत 1 मई को की गई थी।
लूट के मामले में 19 पर मामला दर्ज
नैनपुर पुलिस ने प्रार्थी रेवा पिता कोमल गिरी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमाक 136/19 धारा 147, 148, 149, 452, 323, 427 के तहत 19 लोगो को नामजद आरोपी बनाया है। बताया गया है कि जांच में और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हंै। आरोपियों में हरि जंघेला, जगदीश जघेला, सतीश जघेला, प्रेम झरिया, कमलेश झरिया, मंशा रामसाहू, बाल मुकुंद गिरी, अरविन्द गिरी, गोकुल गिरी, राम प्रसाद भावरे, अखीलेश झरिया, अशोक भंवरे, राकेश अहिवार, संत कुमार झारिया, सदीप झारिया, मोनी भवरें, संत कुमार साहू, होहका भवरें, मुकेश झारिया शामिल हैं।

Published on: