
मंडला। कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने योजना भवन में आयोजित समय सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों की शिकायत की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाईन की लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए शिकायतों का लगातार फॉलोअप करें। डॉ. जटिया ने ऊर्जा विभाग, पीडब्ल्यूडी तथा परिवहन विभाग की शिकायतों पर चर्चा करते हुए कहा कि विभाग अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार लायें। सीएम हेल्पलाईन जनता की शिकायतें सुनने एवं निराकृत करने का प्रभावी माध्यम है। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने विभाग प्रमुखों से शिकायतें के निराकरण के लिए की गई कार्यवाही पर सवाल पूछे। जिला पंचायत सीईओ जे. समीर लाकरा ने 100, 300 तथा 700 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने की बात कही।
विभागीय लक्ष्यों को तैयार कर रिपोर्ट दें
डॉ. जटिया ने समय सीमा बैठक में सभी जिला अधिकारियों को अपने विभाग की योजनाओं एवं लक्ष्यों को तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं एवं लक्ष्यों को मासिक, त्रैमासिक या निर्धारित समय सीमा के आधार पर तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव शीघ्र बनायें। उन्होंने इस कार्य के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, डीपीसी तथा जिला शिक्षा अधिकारी को समन्वय के साथ कार्य कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। डॉ. जटिया ने आचार संहिता समाप्ति के बाद सामूहिक विवाह के आयोजन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह के लिए दिव्यांग जोड़ों का भी पंजीयन कराया जाये।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में पेयजल की समस्या पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम पुख्ता रखने के निर्देश दिये। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मंडला से फूलसागर तक के मार्ग को तैयार करने पर भी विस्तार से चर्चा की। बैठक में अतिरिक्त सीईओ अनिल कोचर, संयुक्त कलेक्टर आशा कुसरे, डिप्टी कलेक्टर रीता डहेरिया तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।