
मंडला. लोकसभा निर्वाचन 2019 के अंतर्गत 23 मई को मंडला संसदीय क्षेत्र क्रमांक 14 की मतगणना का कार्य सम्पन्न होगा। मंडला संसदीय क्षेत्र क्रमांक 14 के लिए मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला निर्धारित किया गया है। मतगणना संबंधी जानकारी देतेे हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मंडला संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने बताया कि मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 2-2 कक्ष में 7+1 टेबल तथा एक कक्ष में डाक मतपत्र की गणना का कार्य होगा। मतगणना का कार्य 23 मई की सुबह 8 बजे से शुुरु होगा। मतगणना दल को आवश्यक दिशा-निर्देश देने एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिये हैं। सहायक शिक्षक अभिलाष तिवारी एवं अध्यापक अखिलेश उपाध्याय को सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर उपस्थित होकर निर्धारित कार्य संपन्न करने के निर्देश दिये हैं।
मतगणना स्थल पर मोबाईल फोन, सिगरेट, गुटखा, बिड़ी एवं लाईटर आदि ले जाना पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। मतगणना स्थल में ड्यूटीरत अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय के परिचय पत्र एवं पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लगाएंगे। मतगणना स्थल पर नियुक्त सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शासकीय गणवेश में परिचय पत्र तथा पहचान पत्र लगाकर उपस्थित होंगे।
यह भी बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के लोकसभा निर्वाचन 2019 के लिए संसदीय क्षेत्र क्रमांक 14 मंडला (अजजा) की मंडला, बिछिया तथा निवास विधानसभा के गणना प्रेक्षक अनुराग अग्रवाल, आईएएस मंडला पहुंच चुके हैं, उनका मोबाईल नंबर 74896-26851 है।
हर गेट पर सेक्टर मजिस्टे्रट
मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्रांगण या भवन में 23 मई को प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर मजिस्टे्रट की नियुक्ति कर दी गई है। मतगणना स्थल के प्रथम प्रवेश द्वार 100 मीटर पर संयुक्त कलेक्टर आशा कुसरे, मतगणना स्थल मैनगेट पर नायब तहसीलदार साक्षी शुक्ला, मतगणना स्थल के भवन प्रवेश द्वार (चैनल गेट) पर अधीक्षक भू-अभिलेख राकेश खम्परिया तथा मतगणना स्थल में अधिकारी एवं कर्मचारियों के प्रवेश द्वार (वर्कशॉप के सामने चैनल गेट) पर संयुक्त कलेक्टर सुनीता खंडायत को नियुक्त किया है। उक्त अधिकारियों से कहा गया है कि वे सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर पहुंचकर प्रवेश लेने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के आदेश एवं परिचय पत्र की जांच कर प्रवेश सुनिश्चित करें।
हर राउंड की जानकारी के लिए कर्मचारी नियुक्त
मतगणना दिवस के दिन मतगणना कक्षों में स्थित नोटिस बोर्ड पर चक्रवार परिणाम प्रदर्शन किए जाने के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है। बताया गया है कि बिछिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांंक 105 के लिए निर्धारित कक्ष क्रमांंक 2 एवं 3 में परिणाम प्रदर्शित करने वरिष्ठ अध्यापक रविन्द्र चौरसिया तथा अध्यापक देवेन्द्र चौरसिया को नियुक्त किया है। निवास विधानसभा क्षेत्र क्रमांंक 106 के लिए निर्धारित कक्ष क्रमांंक 4 एवं 5 में परिणाम प्रदर्शित करने वरिष्ठ अध्यापक सोमेश्वर पांडे एवं मणिकांत पटैल को नियुक्त किया है। मंडला विधानसभा क्षेत्र क्रमांंक 107 के लिए निर्धारित कक्ष क्रमांंक 6 एवं 7 में परिणाम प्रदर्शित करने वरिष्ठ अध्यापक नवीन चौरसिया एवं अध्यापक संजय सिंगौर को नियुक्त किया है। ईटीपीबीएस एवं डाक मतपत्र की गणना के लिए निर्धारित कक्ष क्रमांंक 10 में परिणाम प्रदर्शन के लिए वरिष्ठ अध्यापक यशवंत चंद्रौल एवं अध्यापक कन्हैया बरमैया को नियुक्त किया है। अध्यापक प्रवीण वर्मा एवं शिवम मिश्रा को मंडला संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम प्रदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
व्हीव्हीपेट स्लिप की गणना के दौरान उपस्थित रहें अभिकर्ता
संसदीय क्षेत्र के सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना दिवस के दिन सीयू की गणना हो जाने के बाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक विधानसभा के 5 मतदान केन्द्रों का रेंडमली चयन करें। वहां उपयोग में लाए गए व्हीव्हीपेट की स्लिपों की गणना किया जाना है। व्हीव्हीपेट की स्लिपों की गणना के दौरान अभ्यर्थी, अपने अधिकृत गणना अभिकर्ता एवं निर्वाचन अभिकर्ता को उपस्थित होने के निर्देश देकर स्वयं भी उपस्थित रहने को कहा गया है।
धारा 144 लागू
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने 23 मई को संपन्न होने वाली मतगणना को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने जिले की राजस्व सीमाओं के भीतर धारा 144 लागू कर दी हैं। 25 मई को मतगणना समाप्ति तक किसी हॉटल, आहार ग्रह, मधुशाला अथवा किसी अन्य सार्वजनिक तथा निजी स्थान में कोई भी स्प्रिटयुक्त, किण्वित या मादक लिंकर या वैसी ही प्रवृत्ति का अन्य पदार्थ न विक्रय किया जायेगा, न दिया जायेगा और न ही वितरित किया जायेगा। उक्त आदेश का उल्लंघन भारतीय दण्ड प्रक्रिया की धारा 188 के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में माना जायेगा।
साथ ही 23 मई मतगणना दिवस को शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिये हैं। मतगणना दिवस के दिन संपूर्ण दिवस के लिए शुष्क दिवस अवधि निर्धारित रहेगी। जिले के संपूर्ण लोकसभा क्षेत्र में किसी भी होटल, आहार गृह, गैर मालिकाना क्लब, मधुशाला अथवा किसी अन्य सार्वजनिक या निजि स्थान में मादक लीकर या वैसी ही प्रकृति के अन्य पदार्थ का विक्रय या वितरण प्रतिबंधित कर दिया है। आबकारी एवं पुलिस विभाग को आदेश के पालन कराने के निर्देश दिये हैं।
यहां से होगा प्रवेश
* मतगणना स्थल पॉलीटेक्निक कॉलेज के मुख्य द्वार से अभ्यर्थी, मतगणना अभिकर्ता, मीडिया एवं पोस्ट मैन को प्रवेश दिया जायेगा।
* मतगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को पॉलीटेक्निक कॉलेज के पीछे वाले गेट से प्रवेश दिया जायेगा।
* गणना स्थल में ड्यूटीरत अधिकारी एवं कर्मचारियों की वाहन पार्किंग की व्यवस्था पॉलीटेक्निक कॉलेज में पीछे की ओर की जायेगी।