
मंडला.
जिले के बिछिया थाना क्षेत्र निवासी एवं डिंडोरी जिले के करंजिया थाने मे पदस्थ थाना प्रभारी मुकेश पंद्रे की हाल ही में सड़क दुघर्टना मे मृत्यु होने से 2007- सब इंस्पेक्टर बैच के पुलिस अधिकारी इतने दुखी हुये कि उक्त बैच के सभी साथियों ने मिलकर पीडि़त परिवार की मदद के लिये वाट्सप ग्रुप पर सहमति बनाकर पीडि़त परिवार को आर्थिक सहयोग करने की जिम्मेदारी उठा ली और देखते ही देखते बैच के 1७२ थाना प्रभारियों ने मिलकर सोमवार तक लगभग ६.६० लाख रूपए की राशि एकत्र कर ली। जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ 2007 बैच के थाना प्रभारी सतीश पटेल, जीएस मर्सकोले, संदीप पवार, प्रीतम तिलगाम, सीके सिरामे, एसराम मरावी, काशीराम कुशवाहा, प्रताम मरकाम, राजेन्द्र बिसेन ने बताया कि साथियों के साथ मिलकर की गई पहल प्रदेश के सभी कर्मचारियों के लिये अनुकरणीय हैं। घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी की शाम को करंजिया थाना प्रभारी मुकेश पंद्रे अपने परिवार को ग्रह ग्राम मंडला जिले के मवई छोड़कर वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इस दौरान मवई थाने के भुरकी ग्राम के समीप एक पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। जिस पर थाना प्रभारी मुकेश पंद्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर मवई थाना प्रभारी राजेन्द्र बिसेन, घुघरी थाना प्रभारी सीके सिरामे और बिछिया थाना प्रभारी एसराम मरावी पहुंचे। पुलिस अधिकारी जैसे सख्त और दायित्वान पद पर होने के बावजूद तीनो पुलिस अधिकारियों की आंखे नम हो गई, क्योंकि सड़क पर पड़ा क्षत-विक्षत शव उनके परम मित्र का था जो खुद भी थाना प्रभारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहा था। लेकिन अपने कर्तव्यों को प्रमुखता देते हुए उन्होंने तुरंत अपनी संवेदनाओं पर काबू पाया और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। इसके साथ ही अपने उच्चाधिकारी व सभी साथियों को घटना की जानकारी दी।
2007 सब इंस्पेक्टर बैच के साथियों को यह दुखद घटना मिली तो सभी साथियों ने अपना दुख प्रगट करते हुये पीडि़त परिवार की सहायता के लिये अपने वाटसप ग्रुप पर अपील के माध्यम से एकजुटता का परिचय देते हुए आर्थिक मदद का जिम्मा उठाया। सभी पुलिस अधिकारियों ने अपने अपने स्तर से सहयोग राशि देकर पीडि़त परिवार के लिए जो मदद की है। वह सभी के लिये अनुकरणीय एवं सराहनीय पहल है।
बताया गया कि 2007 सब इंस्पेक्टर बैच के पुलिस अधिकारी हर जिले मे अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। जिले के सभी पुलिस अधिकारियों ने अपनी तरफ से सहयोग राशि देकर पीडि़त परिवार की मदद के लिये सहयोग किया है। अब तक 1७२ पुलिस अधिकारियों ने अपना सहयोग आर्थिक मदद के तौर पर पीडि़त परिवार को देकर एक मिसाल कायम की है। मृतक थाना प्रभारी मुकेश पंद्रे अपने पीछे पत्नी एवं एक सात वर्षीय पुत्र छोड़ गये हैं ऐसे मे पीडि़त परिवार के दुखों का अंदाजा लगाना मुश्किल है। इसलिए सभी साथियों ने मिलकर यह निर्णय लिया की हम क्यों ना दुख की इस घड़ी मे अपना योगदान देकर उन्हें मदद करे।
2007 बैच के पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई धनराशि को मृतक थाना प्रभारी मुकेश पंद्रे की पत्नी रितु पंद्रे के बैंक एकाउंट मे जमा की गई है। वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई उक्त पहल की जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे पुलिस अधिकारियों द्वारा जिस तरह से अपने साथी अधिकारी के परिवार के दुखों मे शरीक होकर पहल की गई वह सभी पुलिस अधिकारियों के लिये अनुकरणीय पहल हैं। हमे गर्व हैं कि हमारे जांबाज पुलिस अधिकारियों ने मृतक पुलिस अधिकारी के परिवार के दुखों का अहसास कर अपनी तरफ से यथासंभव मदद की हैं हमारे सभी पुलिस अधिकारियों की पहल सभी के लिये एक प्रेरणादायक है।