मंदसौर

महाशिवरात्रि आज, शिवालयों में हर-हर महादेव के लगेेंगे जयकारें

अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं की उमड़ेगी भीड़
3 min read
• •
Updated: 12 Feb 2018, 9:53 PM IST
patrika
अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर

मंदसौर । शिव और शक्ति की आराधना का पर्व महाशिवरात्रि श्रद्धा और भक्ति के साथ १३ फरवरी को मनाया जाएगा। हर-हर महादेव, जयकारा महादेव का... जैसे जयकारों से वातावरण गूंज उठेगा। अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को भगवान पशुपतिनाथ के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। यहां श्रद्धालु दिनभर अभिषेक कर सकेंगे।जिले भर के शिव मंदिरों में शिवभक्त दूध और फूल से महादेव का जलाभिषेक करेंगे। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर सहित जिले भर के कई शिवालय सोमवार की रात्रि आकर्षक विद्युत रोशनी से झिलमिलाएं। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में मंदिर प्रशासन व पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर व गर्भगृह क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। उल्लेखनीय है कि योग , मुहूर्त , लग्न, चंद्रमा, तिथि, नक्षत्र के समावेश के कारण 13 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व का योग बन रहा है। इस तिथि में प्रदोष व्रत का अच्छा संयोग भी है। 13 फरवरी को रात 10.32 बजे से पूरी रात चतुर्दशी का योग है। ज्योतिषविद् के अनुसार महाशिवरात्रि के योग का महत्व अद्र्धरात्रि से है। पंचांग के अनुसार 14 फरवरी को रात 11.59 बजे तक ही चतुर्दशी है। महाशिवरात्रि में उदया तिथि के बजाय अद्र्धरात्रि का योग मान्य होता है। इस दिन रुदाभिषेक, व्रत, उपासना और अनुष्ठान का कई गुना अधिक फल प्राप्त होता है।



IMAGE CREDIT: jagdish vasuniya

100 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी संभालेंगे व्यवस्था
पुलिस के अनुसार भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर करीब १०० पुलिस अधिकारी व कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालेंगे। मंदिर में आने व जाने वाले हर श्रद्धालु की मेटल डिटेक्टर व उनके सामान की जांच बेग स्केनर मशीन के माध्यम से जांच की जाएगी। मंदिर में लगे ४० से अधिक सीसीटीवी कैमरो से निगरानी के साथ ही विडियोग्राफी भी की जाएगी। इसके अलावा गर्भगृह में भी पुरुष व महिला पुलिस तैनात रहेगी। मंदिर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गो पर वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाए गए है। बताया गया कि मंदिर क्षेत्र में नदी पर बने बड़े पुल पर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। वहीं छोटे पुल पर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। चंदरपुरा क्षेत्र में मेला मैदान पर वाहनों के लिए व्यवस्था की जाएगी। शिवना नदी क्षेत्र में होमगार्ड भी तैनात रहेंगे। वहीं चिकित्सा व्यवस्था के लिए मेडिकल विशेषज्ञों की टीम व एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी। फायर फाइटर को भी मंदिर क्षेत्र में तैनात किया जाएगा।
महारूद्राभिषेक, चारों पहर की चार विशेष आरती
भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पर सुबह 4 बजे गर्भगृह के पट खुलेंगे तथा प्रात: 6 बजे विशेष पूजन अभिषेक किया जाएगा। रात्रि में चार पहर के चार रूद्राभिषेक, चार आरती होंगे। पंडित कैलाशचंद्र भट्ट ने बताया कि शिवलिंग का पूजन प्रात:काल, मध्यान्ह, सायंकाल और मध्य रात्रि के समय करने से समस्त ऐश्वर्यो की प्राप्ति होगी। शास्त्रों के अनुसार महाशिव रात्रि पर चार पहर की पूजा का विशेष महत्व होता है। महाशिवरात्रि पर शिवजी को प्रिय बेलपत्र, धतूरा, जल अर्पित करने से कष्ट दूर होंगे। शिवजी का गन्ने के रस व पंचामृत से अभिषेक करने पर आर्थिक उन्नति होगी। भावनात्मक कष्टों, वैवाहिक परेशानियों और पारिवारिक असंतोष से मुक्ति मिलेगी।
कलेक्टर व एसपी ने किया निरीक्षण
भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में आवश्यक व्यवस्थाओ का निरीक्षण सोमवार की शाम को कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव व एसपी मनोजसिंह ने किया। कलेक्टर ने लगाए गए बैरिकेट्स को कपड़े से ढंकने के निर्देश दिए। साथ ही टूटी रैलिंग को सुधारने, जूता स्टैंड, वाहन पार्किंग को लेकर भी निर्देश दिए। एसपी मनोजसिंह ने भी सुरक्षाव्यवस्था चाक- चौबंद करने के निर्देश दिए। कमियों को दूर करने को लेकर संबंधितों को निर्देश दिए।

पशुपतिनाथ को 11 क्विंटल खिचड़ी व ठंडाई का लगेगा भोग
महाघंटा अभियान सदस्यों एवं महादेव गु्रप द्वारा महाशिवरात्री पर्व पर 13 फरवरी को प्रात: 10 बजे भगवान श्री पशुपतिनाथजी को 11 क्विंटल खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे। भोग लगाने के बाद खिचड़ी व ठण्डाई प्रसादी का वितरण श्रद्धालुओं को किया जाएगा।

Published on: