
मंदसौर. जिले के शामगढ़ के पास धामनिया में बारातियों से भरी एक बस पलट गई। हादसे में २५ से अधिक लोग घायल हो गए हैं, वहीं १० लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद घायलों को शामगढ़ और मंदसौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों को दो लाख रुपए सहायता देने की घोषणा भी कलेक्टर ने की। वहीं बस मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
सांसद पहुंचे जिला अस्पताल
हादसे में घायल जब जिला अस्पताल पहुंच रहे थे तब सांसद सुधीर गुप्ता भी जिला पहुंचे और उन्होंने घायलों से उनका हाल जाना। इस दौरान सांसद ने कहा कि बस हादसे की पूरी जांच की जाएगी। यातायात सप्ताह के दौरान हादसे के कारण इसे गंभीर हादसा माना जा रहा है। सांसद का कहना था कि बस में सामान अधिक भरा था इस संबंध में भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर, एसपी भी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव और एसपी मनोजकुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। यहां दोनों अधिकारियों ने पूरी व्यवस्था संभाली, मृतकों के साथ घायलों को अस्पताल के लिए रवाना किया। कलेक्टर ने गंभीर घायलों को ५० हजार व सामान्य घायलों को २५ हजार रुपए सहायता देने की घोषणा भी की। वहीं मृतकों को २ लाख रुपए भी प्रदान किए जाएंगे।
बस मालिक पर दर्ज होगा प्रकरण
बताया जा रहा है कि जिस बस के साथ यह हादसा हुआ है, उसे बस के मालिक पर भी प्रकरण दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। बस अपने निर्धारित रुट से अलग मार्ग से जा रही थी।
---------------------------------------
नींद की झपकी लगी तो चलती ट्रेन से गिरा यात्री, जीआरपी ने उपचार कराकर रवाना किया
गरोठ.
भवानीमंडी और धुंआखेडी के बीच एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना जीआरपी को दी गई। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पर रेलवे लाइन के बीच एक व्यक्ति घायलावस्था में पड़ा हुआ था। सूचना पर १०८ एंबूलेंस मौके पर पहुंची और सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां पर उपचार के बाद घायल ने स्वयं का नाम रजत मेहरा उम्र २१ साल निवासी निहालसर जिला सीकर राजस्थान बताया।उसने बताया कि वह सीहोर से जयपुर तक गाड़ी संख्या १२९७५ में दोस्तों के साथ यात्रा कर रहा था। उसी दौरान नींद की झपकी लगी और ट्रेन से नीचे गिर गया। रजत के मित्र अमित पिता सरदार सिंह के भवानीमंडी आने पर घायल उसके मित्रों के साथ प्राथमिक उपचार कराकर गाडी सख्यां 12955 से रवाना किया गया।