
मंदसौर/गरोठ.
शासकीय महाविद्यालय शामगढ़ में प्रवेश उत्सव के कार्यक्रम में छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं बाहरी असामाजिक तत्वों के बीच में झड़प प्रवेश उत्सव के कार्यक्रम के आयोजन के दौरान एक छात्र ने कार्यक्रम में लगा बैनर फाड़ दिया। इसके विरोध स्वरूप शासकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष चंद्रिका राठौर एवं छात्र संघ उपाध्यक्ष राकेश राठौर के नेतृत्व में सभी छात्रों ने आपत्ति ली और बैनर फाडऩे वाले छात्र के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज कर कॉलेज से निष्कासित करने की मांग प्राचार्य से की। लेकिन जब प्राचार्य ने एफआईआर करवाने से इनकार कर दिया तो आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य से कहा कि अगर बैनर फाडऩे पर इसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज नहीं हो सकता है तो कॉलेज में अन्य तोडफ़ोड़ पर भी किसी के विरुद्ध कोई प्रकरण दर्ज नहीं होना चाहिए एवं इसी तारतम्य में छात्रों ने कॉलेज से प्रिंटर उठाकर तोड़ दिया।
मामले की सूचना प्राचार्य द्वारा थाना प्रभारी को दी गई थाने पर बुलवाकर दोनों पक्षों को थाना प्रभारी ने समझाइश दी एवं आरोपी छात्र युवराज सिंह पर माफीनामा लिखवाया इसमें उसने कबूल किया कि वह आगे से कभी भी शासकीय कार्य में बाधा जैसी कोई हरकत शासकीय महाविद्यालय में नहीं करेगा अन्यथा उसका प्रवेश निरस्त कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएं।
इनका कहना...
प्राचार्य द्वारा इस प्रकार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोई कार्रवाई ना करना छात्राओं को अपशब्द कहे जाने के बाद भी उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज ना करवाना प्राचार्य की लापरवाही को प्रदर्शित करता है।
- चंद्रिका राठौर, अध्यक्ष, छात्रसंघ
---
छात्रों द्वारा आवेश में आकर तोडफ़ोड़ जैसा कृत्य किया गया था बाद में उन्हें समझा कर भिजवा दिया एवं भविष्य में ऐसी हरकत ना करें इसके लिए लिखित में ले लिया।
- विनोद काला, जनभागीदारी अध्यक्ष
---
प्राचार्य के साथ महाविद्यालय के छात्र आए थे। दोनों पक्षों ने आपस ने समझकर समझोता कर लिया है। दोनों ही पक्ष कार्रवाई नहीं चाह रहे थे।
- संजय चौकसे, थानाप्रभारी शामगढ़
--------------------------------------