
मंदसौर/बाजखेड़ी.
बारिश ने जहां सोयाबीन की फसल को जीवन दान दिया, वहीं सोयाबीन की फसल पर यलो मोजेक का खतरा मंडराने लगा है। खेतो में खड़ी सोयाबीन फसल पीली पडऩे लगी है, इसके पत्तों में छेद नजर आने लगे हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। जहां हल्की भूमि है वहां पोषक तत्वों की कमी होना इसका कारण बताया जा रहा है, वहीं जहां भूमि अच्छी है वहां पीला मोजेक का प्रकोप है। हालांकि सभी जगह अलग- अलग तरह से पत्ते पीले पडऩे की समस्या किसान बता रहे है। कृषि वैज्ञानिको के अनुसार इसके लिए टीम खेतो में समस्या जानने के लिए भेजी गई है, अब तक जो समस्या मिली है वह पोषक तत्वों की कमी होना है। मंदसौर, सीतामऊ, दलौदा, गरोठ और मल्हारगढ़ तहसील के कई हिस्सों में अलग- अलग बीमारी के लक्षण फसलों पर दिखने लगे हैं।
कई गांवों में सोयाबीन की फसलों पर रोग
ग्रामीण क्षेत्रों में सोयाबीन की फसल में लगने वाला रोग सोयाबीन को पूरी तरह से नष्ट कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई इलाकों में सोयाबीन की फसल पूरी तरह से पीली पड़ गई है। किसानों का कहना है कि इसमें कोई ऐसा रोग हुआ है कि सोयाबीन की जड़ से लगाकर ऊपर तक पूरे पत्ते पीले पड़ रहे हैं। ग्राम अरनिया निजामुद्दीन, डिगांवमाली, चांगली, पानपुर, गुर्जरबर्डिया, बहादुरी, बाजखेड़ी गांवो में सोयाबीन की फसल में पीलेपन का रोग आ गया है। ग्राम पानपुर के किसान दौलतसिंह का कहना है कि हमने हजारों रुपए की दवाई का छिडक़ाव कर दिया है फिर भी फसल में पीलापन नहीं जा रहा है। गांव में कभी भी ग्राम सेवक नहीं आते हैं, किसान को कोई भी फसल के बारे में जानकारी नहीं देते हैं। ग्राम बांसखेड़ी के किसानों का कहना है कि ग्राम सेवक आज तक हमारी फसल देखने नहीं आए।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बीएल कंठाली ने बताया कि सोयाबीन फसल में पीला मोजक की बीमारी है। मेरे पास 28 गांव है, एक गांव में 15 दिन में राउंड लगता हूं।
---
किसानों का कहना...
हमने कई तरह की दवाई का छिडक़ाव किया है लेकिन फसल सोयाबीन की पूरी तरह से पीली पड़ गई कई कई जगह तो खेत में पिलास पन के कारण फसल सोयाबीन की सूख रही है।
- कैलाश चंद्रवंशी, किसान, डिगांवमाली
---
हजारों रुपए की दवाई का छिडक़ाव सोयाबीन की फसल में कर दिया है फिर भी ऐसा रोग आ गया है कि सोयाबीन पूरी पीली पड़ रही है। रोग का कुछ समझ में नहीं आ रहा है, इस रोग से फसलों को काफी नुकसान है।
- भंवरसिंह परिहार, किसान, पानपुर
---
सोयाबीन फसल की स्थिति तो इस वर्ष अच्छी है। पानी भी समय- समय पर मिलता रहा, इसके बाद भी अभी जो बीमारी लगी है उससे फसल पूरी तरह से पीली पड़ गई है। कई तरह की दवाईयां भी हमने छिडक़ दी है फिर भी कुछ असर नहीं हुआ।
- हरिवल्लभ शर्मा, किसान, डिगांवमाली
---
इनका कहना...
यदि खेतों में जल भराव की समस्या है तो बिना देरी किए जल निकासी का इंतजाम कर लें। पानी को खेत में अधिक समय तक भरा न रहने दें। खेतों में जरूरत से ज्यादा नमी हो जाने से पौधे पोषक तत्व नहीं ले पाते। इससे पत्ते पीले पडऩे लगते हैं। सफेद मक्खी से जिन पौधों के पत्ते पीले पड़ गए हैं, उन्हें किसान उखाडक़र फेंक दें। पीला मोजेक रोग से ग्रसित पौधे खेत से बाहर गड्ढ़ा खोदकर गाढ़ देने में ही भलाई है। इससे दूसरे पौधे रोग से बचे रहेंगे। एक बार कृषि वैज्ञानिक या कृषि विभाग के अधिकारियों को फसल बताएं। यदि पोषक तत्वो की कमी हो तो सल्फर, नाइट्रोजन और फास्फोरस या 19-19-19 या 18-18-18 का खेतो में छिडक़ाव करें। इससे खेत में पोषक तत्व की पूर्ति हो जाएगी।
- जीएन पांडे, कृषि वैज्ञानिक, उद्यानिकी महाविद्यालय