
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीली धातु की फीकी पड़ी चमक और पितृपक्ष के कारण स्थानीय जेवराती मांग की सुस्ती से शुक्रवार 28 सितंबर को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपए लुढ़ककर तीन सप्ताह के निचले स्तर 31,300 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 450 रुपए टूटकर 38,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अमरीकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दर में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी के बल पर मजबूत हुए डॉलर के दबाव में पीली धातु की चमक घटती जा रही है। बाजार के जानकारों का कहना है कि पितृपक्ष के कारण आने वाले दिनों में और भी गिरावट हो सकती है।
डॉलर की मजबूती से सोने पर बना दबाव
लंदन का सोना हाजिर आज 0.85 डॉलर की गिरावट में 1,182.75 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 1.10 डॉलर की गिरावट में 1,186.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि डॉलर की मजबूती से सोने पर दबाव बना हुआ है। घरेलू स्तर पर पितृपक्ष का अधिक असर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.04 डॉलर चढ़कर 14.26 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
चांदी की कीमतों में 450 रुपए की गिरावट
स्थानीय बाजार में सोने में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। सोना स्टैंडर्ड 250 रुपए लुढ़ककर चार सितंबर के बाद निचले स्तर 31,300 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। सोना बिटुर भी इतनी ही नरमी के साथ 31,150 रुपए प्रति दस ग्राम बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर स्थिर रही। औद्योगिक मांग घटने से चांदी हाजिर 450 रुपए लुढ़ककर 38,000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। चांदी वायदा 110 रुपए की गिरावट में 37,860 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,300
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,150
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 38,000
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,860
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500