Share Market News

सोना करीब सात महीने के निचले स्तर पर, चांदी के दाम में भी गिरावट

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 365 रुपये की गिरावट लेकर करीब सात महीने के निचले स्तर 30435 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान चांदी 50 रुपये टूटकर 39 हजार रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी।
2 min read
Gold rate
dga

नर्इ दिल्ली। वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं में नरमी के साथ ही घरेलू स्तर पर अमरीकी मुद्रा की तुलना में रुपये में आयी मजबूती के बल पर गुरूवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 365 रुपये की गिरावट लेकर करीब सात महीने के निचले स्तर 30435 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान चांदी 50 रुपये टूटकर 39 हजार रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं पर दबाव देखा गया है। अमरीका और चीन के बीच बढ़ते टैरिफ तनाव के साथ ही दुनिया भर में चालू वर्ष की पहली छमाही में पीली धातु की मांग प्रभावित होने की खबरों से बने दबाव के कारण सोना हाजिर 0.25 प्रतिशत उतरकर 1216.55 डॉलर प्रति औंस पर रहा। इस दौरान अगस्त का अमरीका सोना वायदा 0.07 प्रतिशत गिरकर 1217 डॉलर प्रति औंस पर रहा। विश्व स्वर्ण परिषद ने अपनी ताजी रिपोर्ट में कहा है कि चालू वर्ष की पहली छमाही में वैश्विक स्तर पर पीली धातु की मांग में छह प्रतिशत की कमी आयी है लेकिन दूसरी छमाही में इसमें सुधार की उम्मीद की जा रही है। इस बीच चांदी 0.03 फीसदी उतरकर 15.40 डॉलर प्रति औंस बोली गयी है।

कैसा रहा था पिछले दिन का कारोबार

वहीं इसके पहले कारोबारी दिन यानी बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपये चमककर 30,800 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया था। जबकि चांदी 150 रुपये फिसलकर 39,050 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। अमरीकी द्वारा चीनी सामानों पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी की खबरों से डॉलर मजबूत हुआ जिससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोना दबाव में आ गया है। सोना हाजिर 0.25 डॉलर फिसलकर 1,222.85 डॉलर प्रति औंस पर रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 1.60 डॉलर टूटकर 1,232 डॉलर प्रति औंस बोला गया। नीतिगत ब्याज दरों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बयान से पहले निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। इससे भी सोने की माँग सुस्त बनी हुई है। वैश्विक बाजारों में चाँदी भी 0.01 डॉलर लुढ़ककर 15.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गयी।

Published on:
02 Aug 2018 05:24 pm