Share Market News

भारत का दावा, अमरीकी प्रतिबंध के बाद भी देश को नहीं होगी कच्चे तेल की कमी

2017-18 में र्इरान से 2.26 करोड़ टन कच्चे तेलका आयात करता था भारत प्रतिबंध के बाद र्इरान से 1.50 करोड़ टन सालाना कर दिया गया मौजूदा समय में कच्चे तेल की कीमतें 5159 रुपए प्रति बैरल पर पहुंचे
2 min read
Apr 23, 2019
Crude Oil
भारत का दावा, अमरीकी प्रतिबंध के बाद भी देश को नहीं होगी कच्चे तेल की कमी

नई दिल्ली। अमरीका द्वारा ईरान से कच्चे तेल के आयात की छूट खत्म किए जाने के बाद भारत ने आपूर्ति में संभावित कमी के मद्देनजर वैकल्पिक स्रोतों की तैयारी कर ली है। अमरीका के ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को ईरान से कच्चा तेल खरीदने के मामले में भारत जैसे देशों को प्रतिबंधों से दी गई छूट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। अमरीका की ओर से मिली मोहलत की अवधि 2 मई को खत्म हो रही है। मामले से जुड़े एक शीर्ष सूत्र ने कहा कि हमारे कच्चे तेल की आपूर्ति के स्रोत काफी फैले हुए हैं। किसी भी संभावित कमी को पूरा करने के लिए हमारे पास वैकल्पिक स्रोत हैं।

भारत दूसरा बड़ा आयातक देश
ईरान से तेल आयात करने वालों में चीन के बाद भारत दूसरा बड़ा आयातक देश है। भारत ने ईरान से 2017-18 में जहां 2.26 करोड़ टन कच्चे तेल की खरीदारी की थी, वहीं प्रतिबंध लागू होने के बाद इसे घटाकर 1.50 करोड़ टन सालाना कर दिया गया।

अमरीका ने कहा, सऊदी अरब करेगा भरपाई
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमरीका का सहयोगी देश सऊदी अरब तेल आपूर्ति में किसी भी कमी को पूरा करने में मदद करेगा। उन्होंने ईरान से तेल निर्यात पर पाबंदी कड़ी करने के बाद यह बात कही। ट्रंप ने ट्विटर पर लिखा कि ईरान पर अब हमारी पूर्ण पाबंदी के बाद सऊदी अरब और तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक के अन्य देश तेल आपूर्ति में किसी भी कमी की भरपाई करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ेगा व्यापक असर
ईरान से तेल आयात की छूट खत्म किए जोने का अंतरराष्ट्रीय बाजार पर व्यापक असर पड़ सकता है। वेनेजुएला, लीबिया और नाइजीरिया के तेल कारोबार पर अमरीकी प्रतिबंध पहले से लागू हैं। ऐसे में अमरीका के ताजा फैसले से कीमतों में और तेजी आने के आसार हैं। इस साल तेल के दाम अबतक करीब 35 फीसदी बढ़ चुके हैं। इस वक्त कीमतें 5159 रुपए (74.50 डॉलर) प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं। जनवरी में भाव 3761 रुपए (54 डॉलर) प्रति बैरल पर थे। हालांकि कीमतें अभी नवंबर 2018 के 5850 रुपए (84 डॉलर) प्रति बैरल से काफी कम हैं, जब अमरीका ने ईरान पर प्रतिबंध लागू किए थे। ईरान से तेल आयात की छूट वाले देशों की सूची में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, तुर्की, इटली और ग्रीस शामिल हैं। नवंबर से इटली, ग्रीस और ताइवान ने ईरान से तेल खरीदना बंद कर दिया था।

ईरान से कौन खरीदता है कितना तेल

































देशकच्चा तेल (बैरल में)
तुर्की97,000
जापान1,08,000
भारत2,58,000
द. कोरिया3,87,000
चीन6,13,000
अन्य2,26,000

Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्‍ट्री, अर्थव्‍यवस्‍था, कॉर्पोरेट, म्‍युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.

Updated on:
23 Apr 2019 07:54 pm
Published on:
23 Apr 2019 07:54 pm