Share Market News

SBI को Q1 में हुआ 2,312 करोड़ रुपये का मुनाफा, NPA में आई गिरावट

SBI ने जारी किए पहली तिमाही के नतीजे इस तिमाही में बैंक को 2,312 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है

2 min read

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2,312.02 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ हुआ है। बैंक की आय बढ़ने और फंसे कर्ज की राशि में कमी आने से बैंक का मुनाफा बढ़ा है। एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक को 4,875.85 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।


शेयर बाजार को दी जानकारी

बैंक ने शेयर बाजार को को जानकारी देते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से जून की पहली तिमाही के दौरान एकल आय बढ़कर 70,653.23 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक की एकल आय 65,492.67 करोड़ रुपये रही थी। आलोच्य तिमाही में बैंक की गैर-निष्पादित राशि ( NPA ) उसके कुल कर्ज के मुकाबले घटकर 7.53 प्रतिशत रह गई।

एनपीए में आई कमी

एक साल पहले जून अंत में यह अनुपात 10.69 प्रतिशत पर रहा था। इसी प्रकार जून में समाप्त तिमाही के दौरान शुद्ध एनपीए कम होकर 3.07 प्रतिशत रह गया जो कि एक साल पहले इसी अवधि के दौरान 5.29 प्रतिशत रहा था। वहीं, पिछले वित्त वर्ष में भी बैंक के एनपीए में गिरावट आई थी। मार्च 2019 के अंत तक बैंक की सकल एनपीए घट कर सकल कर्ज के 7.53 प्रतिशत के बराबर थी। मार्च 2018 के अंत में एसबीआई की सकल एनपीए 10.91 प्रतिशत थी। इस दौरान शुद्ध एनपीए का स्तर भी घट कर 3.01 प्रतिशत रह गया था।


बैंक को हुआ फायदा

आपको बता दें कि 2018-19 की जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक को 838.40 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। हाल ही में पीएनबी ने भी अपने तिमाही नतीजे जारी किए थे। इस बार पीएनबी को भी तिमाही नतीजों में लाभ हुआ है। पीएनबी घोटाले के बाद से ही बैंक काफी नुकसान में चल रहा था, लेकिन इस बार बैंक को फायदा हुआ है।

Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार,फाइनेंस,इंडस्‍ट्री,अर्थव्‍यवस्‍था,कॉर्पोरेट,म्‍युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App

Updated on:
02 Aug 2019 03:14 pm
Published on:
02 Aug 2019 03:13 pm
Also Read
View All