मथुरा

गरीबों के घर को अंधेरे व धुएं से मुक्त करना पीएम का संकल्प: ऊर्जा मंत्री

ऊर्जा मंत्री ने हसनपुर ग्राम में लगाई रात्रि चौपाल और पार्टी कार्यकर्ताओं संग किया रात्रि भोज।

3 min read
Jun 11, 2018
गरीबों के घर को अंधेरे व धुएं से मुक्त करना पीएम का संकल्प: ऊर्जा मंत्री

मथुरा। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री पंडित श्रीकान्त शर्मा ने शनिवार को 'ग्राम स्वराज अभियान' के तहत मथुरा की मांट तहसील के हसनपुर ग्राम में रात्रि चौपाल लगाई। शनिवार देर शाम की भारी आंधी और बारिश के बाद भी सैकड़ों की तादाद स्थानीय लोग चौपाल में शामिल हुए और उन्होंने ऊर्जा मंत्री को अपनी समस्याओं व अपेक्षाओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं

ये भी पढ़ें

VIDEO नोएडा में दोस्त की हत्या कर लाश के टुकड़े लेकर पहुंचे वृंदावन, बैग से खून टपकता देख पुलिस ने किए गिरफ्तार

ऊर्जा मंत्री जी ने चौपाल में स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए पहले उन्हें बारी-बारी से अपनी बात रखने को आमंत्रित किया। इसके बाद ग्रामवासियों ने ऊर्जा मंत्री को गांव में कुछ मार्गों के क्षतिग्रस्त होने, जर्जर बिजली तारों के जब-तब टूटने, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने और शौचालय निर्माण के लिए सरकारी अनुदान प्राप्त न होने की शिकायतें दीं। इसके अलावा लोगों ने बालिकाओं की बेहतर शिक्षा के लिए कन्या विद्यालय बनवाने, पशु चिकित्सा केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने, बस स्टैंड का निर्माण करवाने और हसनपुर से जरैलिया तक बंद पड़े नाले को खुदवाने की मांग भी रखी।

अधिकारियों को दिए निर्देश

लोगों की शिकायतों और मांगों को सुनने के बाद ऊर्जा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए उपयुक्त कार्रवाई करने व मांगों पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए। हसनपुर में ओवरलोड ट्रांसफार्मर की समस्या के दृष्टिगत ऊर्जा मंत्री ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को गांव में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि करने और मांट तहसील के मडुआका में निर्माणाधीन 220 केवी ट्रांसमिशन सब स्टेशन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के आदेश दिए।

गिनाईं केंद्र की योजनाएं

जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा मंत्री ने एसडीएम मांट को हर मंगलवार को तहसील दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी और सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के विषय में जानकारी देते हुए, उनका लाभ लेने को प्रेरित किया।

4 करोड़ अंधेरे घरों को किया रोशन

चौपाल में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गरीबों का दु:ख वही व्यक्ति समझ सकता है, जिसने गरीबी को देखा हो और उसके दर्द को सहा हो। पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली बार गरीबों को 1 रुपए प्रति माह में 2 लाख का दुर्घटना बीमा व 90 पैसे प्रति दिन में 2 लाख का जीवन बीमा उपलब्ध कराया। 10 करोड़ बीपीएल परिवारों को सालाना 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गरीबों के घर को अंधेरे और धुएं से मुक्त करने का संकल्प लिया है। 'सौभाग्य योजना' के माध्यम से देश के 4 करोड़ अंधेरे घरों को बिजली कनेक्शन देकर अंधेरे से मुक्त करने और 8 करोड़ घरों को 'उज्ज्वला योजना' से गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्त करने का कार्य किया जा रहा है।

उपज का डेढ़ गुना एमएसपी

उन्होंने कहा कि किसानों का उत्थान प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है। हमने प्रदेश में डार्क जोन में शामिल 172 विकास खंडों में नए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने पर लगे प्रतिबंध को समाप्त कर, किसानों को सिर्फ 1.10 रुपए प्रति यूनिट की दर पर बिजली से सिंचाई की सुविधा दी है। पीएम मोदी ने किसान भाइयों की आय 2022 तक दोगुनी करने का संकल्प लिया है। किसानों को उनकी उपज का डेढ़ गुना एमएसपी दिया जा रहा है।

ब्रज का सर्वांगीण विकास होगा

ब्रज के सर्वांगीण विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि हमने सरकार के गठन के कुछ माह के भीतर ही 'ब्रज तीर्थ विकास परिषद' का गठन किया। हमने ब्रजवासियों की दशकों पुरानी मांग को पूर्ण करते हुए वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, राधाकुंड, गोवर्धन और नंदगांव को पवित्र तीर्थस्थल घोषित किया। हाल ही में हमने इन पवित्र तीर्थस्थलों में पूर्ण शराबबंदी भी लागू की है।

'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान के तहत देवराहा बाबा समाधि स्थल के स्वामी श्री देवदास जी महाराज से की भेंट

रात्रि चौपाल से पहले ऊर्जा मंत्री ने मथुरा में पार्टी के 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान के तहत यमुना किनारे ब्रह्मर्षि श्री देवराहा बाबा समाधि स्थल के स्वामी श्री देवदास जी महाराज से पार्टी कार्यकर्ताओं संग भेंट कर, उनसे मोदी सरकार की 4 वर्ष की उपलब्धियां और जनकल्याणकारी योजनाएं साझा कीं।

ये भी पढ़ें

भाजपा के लिए राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं : शिव प्रताप शुक्ल
Published on:
11 Jun 2018 09:22 pm
Also Read
View All