
About Bharat Singh: मऊ जिले की मधुबन विधानसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को मधुबन के ऐतिहासिक गांधी मैदान में BSP की ओर से विधानसभा क्षेत्र स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। BSP जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंटू के मुताबिक, मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी और भाजपा नेता भरत सिंह ने अपने करीब 500 समर्थकों के साथ BSP की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और मंडल कोआर्डिनेटर दिनेश चंद्रा ने भरत सिंह को मधुबन विधानसभा क्षेत्र से BSP का प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के लिए अब पार्टी को मजबूत करने का समय आ गया है। भरत सिंह के BSP में शामिल होने और उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मधुबन विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भरत सिंह पिछले विधानसभा चुनाव से ही भाजपा से बागी चल रहे थे। अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर भाजपा से इस्तीफा देकर BSP का दामन थाम लिया है। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ताओं ने भी बसपा की सदस्यता ग्रहण की। महासम्मेलन में मौजूद भीड़ को बसपा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया। मंच से संबोधन के दौरान भरत सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी और कहा कि 2027 में मधुबन की जनता सत्ता परिवर्तन करेगी।
भरत सिंह उर्फ भरत भैया राजपूत समुदाय से आते हैं। वह मधुबन विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और यहां से पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी भी रह चुके हैं। रविवार को बसपा के पूर्वांचल प्रभारी और पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा तथा उत्तर प्रदेश बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद दिनेश चंद्रा ने भरत सिंह को मधुबन विधानसभा सीट के लिए पार्टी का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया।
BSP का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भरत सिंह ने भाजपा छोड़ने की वजह को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और टिकट वितरण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। भरत सिंह का दावा है कि उन्होंने लंबे समय तक जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम किया और अपना समय व संसाधन लगाया, लेकिन 2017 से लगातार विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया। इसके बाद अब उन्होंने भाजपा से अलग होकर BSP का रुख किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसपा मंडल कोआर्डिनेटर दिनेश चंद्रा ने आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एक भाई जंतर-मंतर पर लाठी और गोली की बात करता था, लेकिन पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान संसद में चला गया। उन्होंने लोगों से ऐसे नेताओं से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही सपा, भाजपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने अलग-अलग समय पर जनता को ठगा है।
भरत सिंह के बसपा में शामिल होने और उन्हें मधुबन से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। गांधी मैदान में आयोजित महासम्मेलन के जरिए बसपा ने मधुबन सीट पर अपनी चुनावी तैयारी का संकेत दिया है।