उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शादी के बाद ससुराल पहुंची एक 22 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शादी करीब छह महीने पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। 13 नवंबर को गवना की रस्म के बाद उसे विदा कराकर ससुराल लाया गया था। आरोप है कि इसके अगले ही दिन यानी 14 नवंबर को उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।