21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Mau / मधुबन में संजय सिंह का भाजपा पर हमला, बोले- ‘राम-राम कहकर यूपी लूट रही सरकार’

मधुबन में संजय सिंह का भाजपा पर हमला, बोले- ‘राम-राम कहकर यूपी लूट रही सरकार’

मऊ के मधुबन में आम आदमी पार्टी की जनसभा के दौरान सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। जल जीवन मिशन में 15 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के साथ उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी, बूथ स्तर पर संगठन विस्तार और गठबंधन की चर्चाओं पर भी खुलकर अपनी बात रखी। सभा में स्थानीय समस्याओं से लेकर UGC और 80-20 की राजनीति तक कई मुद्दों पर संजय सिंह ने सरकार को घेरा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मऊ

•

image

Abhishek Singh

•

Updated: 21 Nov 2026, 8:54 PM IST

Pc: Patrika

मऊ के मधुबन पहुंचे आप सांसद संजय सिंह

मऊ। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। सभा का आयोजन सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश की अलग-अलग विधानसभाओं में जनता के बीच जाकर सभाएं, रैलियां और बैठकें कर रही है, ताकि सरकार की नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मधुबन में अब अभियान को बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। बूथ कमेटियों के गठन के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

जल जीवन मिशन में 15 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप

संजय सिंह ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि 30 हजार करोड़ रुपये की योजना में करीब 15 हजार करोड़ रुपये बिना काम के निकाल लिए गए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव पानी पहुंचाने की योजना में ठेकों और कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।

भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “स्कूल में चोरी, अस्पताल में चोरी, मंदिर में चोरी, पानी में चोरी, बिजली में चोरी और वोट चोरी—हर प्रकार की चोरी हो रही है। भाजपा राम-राम कहकर पूरा यूपी और देश लूट रही है।”

मधुबन की समस्याएं सदन में उठाने का दावा

स्थानीय लोगों की समस्याओं का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि मधुबन तहसील में गोंड समाज के जाति प्रमाणपत्र नहीं बन पाने का मामला सदन में उठाया जाएगा। कटान पीड़ितों को आवास आवंटन नहीं होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।

मधुबन और देवरिया को जोड़ने वाले पुल के निर्माण में देरी पर उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के कारण परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो रही हैं।

गठबंधन के सवाल पर बोले- नेतृत्व तय करेगा फैसला

2027 विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन की चर्चाओं पर संजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात बेटी की शादी का निमंत्रण देने के लिए हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में चुनावी रणनीति तय होगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में पहले भी पदयात्राएं, प्रशिक्षण शिविर, कार्यकर्ता सम्मेलन और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करती रही है। चुनाव में पार्टी किस तरह उतरेगी, इसका फैसला नेतृत्व करेगा।

80-20 की राजनीति पर सवाल

भाजपा को झगड़ा पार्टी बताते हुए संजय सिंह ने कहा कि चुनाव में स्कूल, अस्पताल, रोजगार, बिजली और किसानों की समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और बिजली की बढ़ती कीमतों से हिंदू-मुस्लिम सभी प्रभावित हैं। सरकार को जनता के बुनियादी सवालों का जवाब देना चाहिए।

गोरखपुर की घटना पर जताई संवेदना

गोरखपुर में 14 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले पर संजय सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि दुखद घटना पर राजनीति करने के बजाय परिवार की मदद की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री के बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूर्व की कुछ घटनाओं का जिक्र कर सरकार से संवेदनशीलता को लेकर सवाल पूछे।

UGC को बताया सरकार प्रायोजित विवाद

UGC के मुद्दे पर संजय सिंह ने इसे सरकार द्वारा प्रायोजित विवाद बताते हुए विश्वविद्यालयों में भेदभाव से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के भेदभाव की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए व्यवस्था होनी चाहिए और एससी, एसटी तथा ओबीसी से जुड़े मामलों के लिए भी अलग समिति बनाई जानी चाहिए।

आम आदमी पार्टी की इस सभा को मधुबन में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन विस्तार और राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।