मऊ

चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ: मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति में डूबा जनपद

Navratri News: चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही गुरुवार को पूरे जनपद में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और […]

2 min read
Mar 19, 2026

Navratri News: चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही गुरुवार को पूरे जनपद में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

शहर के प्रमुख मंदिरों—शीतला मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित सिद्धिदात्री मंदिर और फातिमा मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह तड़के से ही महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। कई श्रद्धालु व्रत रखकर माता रानी के जयकारे लगाते हुए घंटों लाइन में खड़े नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसरों में भक्तों की आवाजाही बनी रही।

मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजे मंदिर भक्तों को आकर्षित कर रहे थे। भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और घंटियों की ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पुजारियों द्वारा विधिपूर्वक मां दुर्गा की पूजा और आरती कराई गई। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भीड़ को देखते हुए पुलिस सक्रिय

भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिरों के बाहर और अंदर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

नवरात्रि के पहले दिन से ही पूरे जनपद में धार्मिक उत्साह चरम पर है। आने वाले नौ दिनों तक इसी तरह मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहने की संभावना है। भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और हर कोई माता रानी की भक्ति में लीन नजर आ रहा है।

Also Read
View All

अगली खबर