
UPPSI Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर (UPSI) भर्ती परीक्षा शनिवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 24,960 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें केंद्रों में प्रवेश कराया गया।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। साथ ही आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को रोकने के लिए केंद्रों पर पुलिस बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।
परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक इलामारन ने पुलिस बल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मऊ नगर क्षेत्र के तालिमुद्दीन इंटर कॉलेज, डीसीएसके इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच जिले में यूपी एसआई भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Published on:
14 Mar 2026 12:08 pm
