मधुबन थाना क्षेत्र के गौरी सरदहां गांव में रविवार की शाम एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान बलिया जिले के सीसवारकला, नगरा निवासी 27 वर्षीय ज्योति सिंह पुत्री रामायण सिंह के रूप में हुई है।
Mau News: मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के गौरी सरदहां गांव में रविवार की शाम एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान बलिया जिले के सीसवारकला, नगरा निवासी 27 वर्षीय ज्योति सिंह पुत्री रामायण सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ज्योति ने करीब 11 महीने पहले अपने पहले पति को तलाक देकर प्रेमी मनु सिंह पुत्र रवींद्र शाही से दूसरी शादी की थी। ज्योति की पहली शादी बलिया के सिकंदरपुर महरो में हुई थी।
मृतका की मां उमा देवी ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वालों ने ज्योति की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उमा देवी के मुताबिक, 2 नवंबर की शाम ज्योति के भसुर ने फोन कर फांसी लगाने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि मनु सिंह अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक करता था, इसी बात को लेकर वह आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था।
ज्योति के भाई रामेश्वर सिंह ने भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग शराब पीकर उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। मारपीट के बाद उसे फंदे से लटका दिया गया और देर शाम घटना की सूचना दी गई।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।