Mau Police: मधुबन क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए थाना और पुलिस चौकियों के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। क्षेत्र के बढ़ते दायरे और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मधुबन में एक नए थाना, तीन पुलिस चौकियों और एक पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना […]
Mau Police: मधुबन क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए थाना और पुलिस चौकियों के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। क्षेत्र के बढ़ते दायरे और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मधुबन में एक नए थाना, तीन पुलिस चौकियों और एक पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद तहसील प्रशासन को प्रस्तावित स्थानों के लिए भूमि चिह्नित कर आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। प्रशासनिक स्तर पर इस कार्य को शीघ्र पूरा करने की तैयारी चल रही है।
बताया जाता है कि वर्ष 2019 से ही क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए दुबारी पुलिस चौकी को थाना का दर्जा देने की मांग उठती रही है। इसके अलावा सिपाह इब्राहिमाबाद, दरगाह और तिनहरी में नई पुलिस चौकियां स्थापित करने तथा संवेदनशील माने जाने वाले नंदौर क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र बनाने का प्रस्ताव भी लंबे समय से लंबित था।
क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय ने दुबारी चौकी को थाना में परिवर्तित करने और अन्य प्रस्तावित स्थानों पर पुलिस चौकियों के निर्माण के लिए शासन को फिर से पत्र भेजा है। उनका कहना है कि संबंधित प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे जा चुके हैं।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया है कि सभी प्रस्तावित स्थानों के लिए भूमि चिह्नित कर आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यदि प्रक्रिया समय से पूरी हो जाती है तो करीब एक सप्ताह के भीतर भूमि आवंटन की कार्रवाई पूरी हो सकती है। अधिकारियों का मानना है कि नए थाना और चौकियों के बनने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।