मऊ

Mau News: मुख्य विकास अधिकारी ने पत्नी के साथ किया कन्याओं का पूजन, बोले बेटे बेटी में न करें भेद

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और मिशन शक्ति के फेज 5 पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपनी पत्नी मनीषा भंडारी के साथ कन्याओं का पूजन किया।
3 min read
Oct 11, 2024
Feature image

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और मिशन शक्ति के फेज 5 पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपनी पत्नी मनीषा भंडारी के साथ कन्याओं का पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से बेटा बेटी में भेद भाव न करने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या और दहेज का भरपूर विरोध किया जाना चाहिए।
नगर के पालिका कम्युनिटी हॉल में संपन्न इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।


इसके तत्पश्चात कन्या पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज जिस प्रकार समाज बेटी-बेटा में मतभेद कर रहा है, निश्चित रूप से आने वाले समय में हमारे समाज पर बहुत बड़ा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम संकल्प ले कि बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेद नहीं करेंगे, भ्रूण हत्या नहीं होने देंगे तथा बालिकाओं को उच्च शिक्षा देकर उसको अच्छे संस्कार भी देंगे। जिससे समाज में एक संदेश पहुंचे कि बालिकाएं बालक से किसी भी क्षेत्र में कमजोर नहीं है। समाज में दहेज प्रथा के प्रति भी जागरूक होना चाहिए इसमें न दहेज लें और न दहेज देने की सोचें तभी बेटियों का समाज में सम्मान बढ़ेगा। समाज के इतने बड़े भाग की उपेक्षा कर भारत प्रगति नहीं कर सकता, हमें कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। अपने विचारों में बदलाव लाना होगा। तभी महिलाओं को सम्मान मिल पाएगा। एक मां को सोचना होगा कि लड़का और लड़की में कोई फर्क नहीं सभी समान है हमें अपनी सोच में बदलाव लाना होगा।
मुख्य विकास अधिकारी की पत्नी मनीषा भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां समाज में दो घरों को संभालती हैं, शादी के पहले अपने मां-बाप का और शादी के बाद अपने पति का, इसलिए बेटियों का सम्मान एवं सुरक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं पर होने वाली हिंसा को रोकने में सबसे अधिक शिक्षा का रोल है। इसलिए अपनी बेटियों को शिक्षा अवश्य दें। शिक्षा से लड़कों में महिला सम्मान की भावना जागृत की जा सकती है, तो वहीं महिलाओं और किशोरियों को भी उनके अधिकारों से परिचित कराया जा सकता है। आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों की अपेक्षा शिक्षा का स्तर कम होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं हिंसा के खिलाफ अपनी आवाज उठा नहीं पाती हैं। उन्होंने कहा कि हम एक मां की बेटी, और आज एक बेटी की मां होने पर हमें गर्व है।
नगर क्षेत्राधिकार अंजनी कुमार पांडे ने नवरात्रि के पावन पर्व पर नारी शक्तियों का सम्मान किया जाना हमारा कर्तव्य है। बालिकाओं के सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह तत्पर्य है। किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस करें तो इसकी सूचना अवश्य दें। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, वीमेन हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 आदि नंबरों का जानकारी देते हुए कहा की महिलाएं अपनी समस्या तत्काल इन नंबरों पर दें सकती हैं।
नूपुर अग्रवाल जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी द्वारा नवरात्रि के अवसर पर नारी शक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम अपनी नारी शक्ति की ताकत, साहस, और दृढ़ता को नमन करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हैं। हमारी सरकार शिक्षा, उद्यमिता, कृषि, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला प्रवेश अधिकारी डॉक्टर श्वेता त्रिपाठी द्वारा अपने विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत बालिकाओं को ₹25000 की आर्थिक सहायता 6 चरणों में प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि बेटियां हैं देश की शान उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य का रखें पूरा ध्यान।
अंत में उन्होंने अतिथियों एवं बाल विकास की आंगनबाड़ी, आशा तथा अन्य महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी बाल विकास रंजीत कुमार, संध्या, रेनू पांडे, अनीता
विमल, अनुज, दिलीप, ताहिर, गोविंद शुक्ला, रजनीश, रितेश तथा लालमणी सहित प्रोवेशन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated on:
11 Oct 2024 07:05 pm
Published on:
11 Oct 2024 07:05 pm