
दोस्त की हत्या करने वाले अभियुक्त गिरफ्तार
Mau News: मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही तीसरे दोस्त की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हलधरपुर थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय बलवंत सिंह का शव मंगलवार दोपहर गहनी-गहना मार्ग के किनारे झाड़ियों में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
परिजनों ने बताया कि बलवंत सिंह अविवाहित था। सोमवार देर शाम वह घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित नलकूप पर सोने की बात कहकर निकला था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में उसका शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता प्रदीप सिंह की तहरीर पर हलधरपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर विवेक सिंह उर्फ सिट्टू सिंह तथा देवेंद्र यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि बलवंत सिंह के अपने एक दोस्त की पत्नी तथा दूसरे दोस्त की प्रेमिका से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों आरोपी उससे नाराज थे और काफी समय से उसे रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। योजना के तहत दोनों ने बलवंत को शाम के समय शराब पीने के बहाने बुलाया। शराब के नशे में होने के बाद दोनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को गहनी गांव के पास झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए ताकि घटना को दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मामले का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
Updated on:
07 Aug 2026 03:04 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:41 pm
