
मऊ पुलिस के हिरासत में प्रेमी की हत्या करने वाली महिला
Mau Murder News: मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित मुंगेश्वर सुल्तानपुर के कांशीराम आवास में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग और त्रिकोणीय नहीं बल्कि बहुकोणीय संबंधों से जुड़ा विवाद था। जांच के अनुसार, पांच बच्चों की मां के तीन युवकों से संबंध थे और इसी विवाद में उसके एक प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के मछली बाजार निवासी 35 वर्षीय असगर अली मऊ शहर के मुंशीपुरा मोहल्ले में परिवार के साथ रहकर ई-रिक्शा चलाता था। उसका कांशीराम आवास में रहने वाली शहजादी से प्रेम संबंध था। शहजादी के पांच बच्चे हैं और उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। करीब दो वर्ष पहले वह पति से अलग होकर कांशीराम आवास में किराए के कमरे में असगर के साथ रहने लगी थी।
रविवार देर रात करीब तीन बजे शहजादी ने पुलिस को सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर घुसा और उसके पति पर चाकू से हमला कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती पूछताछ में महिला ने मृतक को अपना पति बताया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि असगर उसका प्रेमी था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शहजादी के असगर के अलावा आकाश और सूरज नाम के दो अन्य युवकों से भी संबंध थे। असगर महिला को आकाश से बातचीत करने से रोकता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात आकाश ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद पहले से बनाई गई योजना के तहत असगर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। वारदात को अंजाम देने के लिए कंधेरी स्थित कांशीराम आवास में किराए का कमरा लिया गया था। मुख्य आरोपी आकाश हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मृतक के भाई अफसर की तहरीर पर सरायलखंसी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
Updated on:
04 Aug 2026 03:15 pm
Published on:
04 Aug 2026 03:15 pm
