
Pc-Patrika
Man climb on Water tank in Mirzapur: मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशे का आदि एक युवक पास में ही स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। युवक को पानी की टंकी पर चढ़े हुए देख आसपास के लोग इकट्ठा हुए और उसे नीचे उतर जाने की बात कहने लगे। वहीं, युवक कभी आधा धड़ टंकी से नीचे लटका दे रहा था, तो कभी टंकी की रेलिंग से पैर निकालने की कोशिश कर रहा था। करीब 2 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक को ग्रामीण और पुलिस ने सकुशल नीचे उतार लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला में एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। मामले की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को उतारने का प्रयास करने लगे। बताया जा रहा है कि युवक का नाम वीरू है और पचोखरा खुर्द गांव का रहने वाला है। देवरी कला गांव में उसकी बहन की शादी हुई है और वह अपनी बहन के घर आया हुआ था। ग्रामीणों ने इस बात की जानकारी वीरू के परिजनों को दी, जिसके बाद उसकी बहन के परिजन उसे नीचे उतरने की मिन्नत करने लगे।
बताया जा रहा है कि वीरू शराब पीने का आदी है और वह शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। परिजनों ने जब उसे पैसे नहीं दिए, तो वह पानी की टंकी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। इसी बीच ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी मड़िहान थाना पुलिस को दे दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वीरू को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान वीरू लगातार पैसे की डिमांड कर रहा था। हालांकि, करीब 2 घंटे के मान मनौवल के बाद वह नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया है कि वीरू शराब पीने का आदी है और वह शराब के ही नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया था। परिजनों ने बताया है कि घर पर उसने और शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन परिजन उसकी इस हरकत से परेशान थे। इस वजह से उन्होंने उसे पैसे नहीं दिए। पैसे मांगे जाने के दौरान भी वीरू ने शराब पी रखी थी। पैसे नहीं दिए जाने के बाद वह पानी की टंकी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। पुलिस ने बताया है कि फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया जा रहा है।
Updated on:
07 Aug 2026 02:43 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:43 pm
