
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी, (Pc-Mirzapur Police)
Encounter in Mirzapur: मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। कटरा थाने की पुलिस इलाके में संदिग्ध लोगों के खिलाफ अभियान चला रही थी, इसी दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार की सुबह चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों युवक भागने लगे। भगाने के दौरान एक युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है।
कटरा पुलिस ने बताया कि जान्हवी तिराहे पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर दो लोग सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों तेज गति से दूधनाथ तिराहे की तरफ से होते हुए नटवा की ओर भागने लगे, जिनकी दोनों तरफ से घेराबंदी की गई। इसी दौरान एक युवक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई जो गिर गया और कराहने लगा।
अपने साथी को गिरता देख दूसरा अभियुक्त पैदल भगाने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने बताया है कि एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसकी पहचान सोनभद्र के खुटहनिया थाना करमा का रहने वाला सद्दाम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और पैंट की जेब से सोने की चेन बरामद हुई है। वहीं, पकड़े गए दूसरे अभियुक्त ने बताया कि वह भदोही के थाना औराई का रहने वाला है और उसका नाम कल्लू उर्फ कमालुद्दीन है।
पुलिस ने बताया है कि दूसरे अभियुक्त के पास से तलाशी के दौरान एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इसके साथ ही मौके से एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ की घटना में घायल हुए अभियुक्त को मिर्जापुर के जिला अस्पताल में भिजवाया गया है, जहां डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया है कि वे 1 सितंबर को नटवा तिराहे के पास एक बुजुर्ग महिला से गले से चेन छीन कर भाग गए थे। उनसे वही चेन का टुकड़ा उनके पास से बरामद हुआ है। पुलिस इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Updated on:
10 Sept 2026 08:48 am
Published on:
10 Sept 2026 08:48 am
