Mau Police: मऊ जनपद स्थित कचहरी परिसर के मालखाने में तैनात आरक्षी दीपक चौहान को ड्यूटी के दौरान गोली लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षी दीपक चौहान […]
Mau Police: मऊ जनपद स्थित कचहरी परिसर के मालखाने में तैनात आरक्षी दीपक चौहान को ड्यूटी के दौरान गोली लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षी दीपक चौहान मूल रूप से चंदौली जनपद के निवासी हैं और मऊ कचहरी के मालखाने में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक गोली चलने की घटना हुई, जिसमें वह घायल हो गए। गोली उनके कंधे में लगी और आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरक्षी को गोली लगी है, लेकिन उनकी स्थिति अब नियंत्रण में है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल आरक्षी फिलहाल खतरे से बाहर हैं, जो राहत की बात है।
देर रात जिला अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों ने घायल आरक्षी का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस परिस्थिति में चली। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।