12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mau Crime : “तुम मेरी नहीं हुई तो किसी को तुम्हारा नहीं होने दूंगा!” – प्रेम, जुनून और बदले ने ली युवक की जान

Murder News: मऊ जनपद में प्रेम प्रसंग से उपजे जुनून ने एक दिल दहला देने वाली हत्या को जन्म दे दिया। सराय लखनसी थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिली अज्ञात युवक की सिर कुचली लाश का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाली कहानी सामने रखी है, जहां एकतरफा प्रेम और जलन ने मिलकर हत्या […]

2 min read
Google source verification

मऊ

image

Abhishek Singh

Apr 12, 2026

Murder News: मऊ जनपद में प्रेम प्रसंग से उपजे जुनून ने एक दिल दहला देने वाली हत्या को जन्म दे दिया। सराय लखनसी थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिली अज्ञात युवक की सिर कुचली लाश का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाली कहानी सामने रखी है, जहां एकतरफा प्रेम और जलन ने मिलकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया।

थाना सराय लखनसी क्षेत्र के रणवीरपुर इलाके में नदी किनारे मिली अज्ञात युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। यह मामला प्रेम प्रसंग, धोखे और जलन की उलझी हुई कहानी से जुड़ा हुआ है, जिसमें “एक अनार सौ बीमार” वाली कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती नजर आई।

आजमगढ़ का निवासी था मृतक शिवम

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पहचान आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के हथौटा गांव निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई। वह एक ट्रीटमेंट प्लांट में वॉचमैन की नौकरी करता था। शिवम एक युवती के संपर्क में आया, जिससे पहले से ही कई युवक जुड़े हुए थे। इसी क्रम में युवती का पूर्व प्रेमी अनमोल सिंह, शिवम से नाराज रहने लगा, क्योंकि युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। बाद में युवती ने शिवम को भी छोड़ दिया, जिससे वह मानसिक रूप से व्यथित और अस्थिर हो गया।

बताया जाता है कि शिवम ने अपने प्रेम को साबित करने के लिए युवती के कोचिंग सेंटर के सामने अपनी कलाई की नस काट ली थी, जिसके निशान उसके शव पर भी मिले। घटना वाले दिन शिवम नशे की हालत में युवती के गांव के बाजार में घूम रहा था, तभी उसकी मुलाकात अनमोल सिंह से हुई। पहले से रची साजिश के तहत अनमोल ने उसे शराब पार्टी का लालच दिया और अपने तीन साथियों के साथ उसे बाइक से नदी किनारे ले गया।

वहां पहले उसे जमकर शराब पिलाई गई। जब शिवम पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो अनमोल और उसके साथियों ने बस के डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। मौत की पुष्टि करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर आरोपी फरार हो गए।

मीडिया में ख़बर फैलते सक्रिय हुई पुलिस

घटना के बाद जब मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा में आया और पुलिस की सक्रियता बढ़ी, तो आरोपी घबरा गए। उन्होंने विभिन्न रिश्तेदारों के यहां छिपने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उन्हें शरण नहीं दी। अंततः पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी अनमोल सिंह और एक अन्य साथी अंचल राजभर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि शुरुआत में शव अज्ञात था, लेकिन जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना प्रेम, जुनून और असफल रिश्तों के खतरनाक परिणामों की एक भयावह मिसाल बनकर सामने आई है, जिसने एक युवक की जिंदगी छीन ली और कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।