मऊ जनपद के थाना रामपुर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने जीवित पति को कागजों में मृत दर्शाकर शासन की विधवा पेंशन योजना का लाभ उठाया। प्रकरण का पता चलने पर पीड़ित पति ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष […]
मऊ जनपद के थाना रामपुर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने जीवित पति को कागजों में मृत दर्शाकर शासन की विधवा पेंशन योजना का लाभ उठाया। प्रकरण का पता चलने पर पीड़ित पति ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पवन साहू के अनुसार, उसका पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा है और मामला परिवार न्यायालय मऊ में विचाराधीन है, जहां से उसकी पत्नी को भरण-पोषण राशि भी मिल रही है। इसी बीच आरोप है कि महिला ने कथित तौर पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराकर महिला कल्याण विभाग के माध्यम से विधवा पेंशन भी प्राप्त कर ली।
मामले को लेकर पीड़ित ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना मधुबन में मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मऊ के न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दिया गया है।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने विभागीय स्तर पर जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया तो पेंशन से संबंधित रिकॉर्ड “रिकॉर्ड नॉट फाउंड” बताया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपे गए ज्ञापन में पीड़ित ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जाए और यदि फर्जीवाड़ा सिद्ध होता है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।