"दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का निकल गया जनाजा"
मऊ . भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के राष्ट्रीय महासचिव अतुल अनजान ने गोरखपुर और फूलपुर में हुए उपचुनाव के बाद भाजपा को मिली हार पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि "दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का जनाजा निकल गया गोरखपुर में" आगे उन्होंने कहा कि "ये अहंकार का जो संस्कार निकला अब अगले लोकसभा चुनाव में उस अहंकार का अंतिम संस्कार हो जाएगा।" वह जनपद में आयोजित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के 23 वें राज्य सम्मेलन के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए बोल रहे थे।
सीपीआई के महासचिव अतुल अनजान ने कहा कि दुनिया भर में दौरा कर पीएम मोदी और देश भर में दौरा कर सीएम योगी भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताते है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपनी ही सीट नहीं बचा सके। जो बताता है कि जनता ने उन्हें उनके अहंकार का जवाब दे दिया। इतना ही नहीं उन्होंने आगामी लोकसभा के चुनाव को लेकर कहा कि सभी पार्टीया महागठबंधन पर बात कर रही है।
जिले के नगर पालिका कम्युनिटी सेन्टर हाल में आयोजित तीन दिवसीय भारतीय कम्युनिस्ट के राज्य स्तरीय सम्मेलन के दूसरे दिन मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि महाअधिनेशन के माध्यम से पार्टी संविधान के अनुसार प्रान्त तहसील और जिले के चुने हुए प्रतिनिधि राज्य सम्मेलन में आते है। राज्य के राज्य सचिव का चुनाव राज्य सम्मेलन के माध्यम से ही किया जाता है। सम्मेलन के माध्यम से ही राष्ट्रीय महाअधिवेशन के लिए प्रतिनिधि का चुनाव होता है। सम्मेलन का आयोजन 16 मार्च से 19 मार्च के लिए किया गया है।