मऊ

अखिलेश यादव के भगवा पगड़ी पहनने पर भड़की शिवपाल की पार्टी, कहा, भाजपा की तरह फैला रहे हैं संप्रदायवाद

अखिलेश यादव पर समाजवाद के सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगा रहे हैं

2 min read
Nov 13, 2018
अखिलेश यादव के भगवा पगड़ी पहनने पर भड़के शिवपाल की पार्टी, कहा, भाजपा की तरह फैला रहे हैं संप्रदायवाद

मऊ . लोकसभा चुनावों से पहले शिवपाल यादव की पार्टी भी सक्रिय हो गई है। पार्टी के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा सम्भाल लिया है। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव की भी रैलियों का दौर भी शुरू करने वाले हैं। समाजवादी पार्टी से अलग होकर बनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेता अखिलेश यादव पर समाजवाद के सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगा रहे हैं।

प्रसपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव भरत सिंह ने यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। इसलिए शिवपाल यादव को अपनी अलग पार्टी का गठन करना पड़ा। उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समाजवाद की राजनीति छोड़कर संप्रदायवाद की राजनीति पर उतर चुके हैं।

उन्होने ने कहा यह काम समाजवादियों का नहीं है, यह सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देने वाली भारतीय जनता पार्टी का काम है। भाजपा देवी-देवताओं और भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है। अब उसी राह पर अखिलेश यादव भी चल रहे हैं। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी में गोवर्धन पूजा पर भगवा पगड़ी पहन कर समाज को भ्रमित करने का काम अखिलेश यादव ने किया है। वोट की राजनीति के लिए पार्टियों में हिन्दुत्व की होड़ मच गई है। बतादें कि बीते 8 नवंबर को बनारस में एक सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भगवा पगड़ी पहन कर भाषण दिया था।

मऊ में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की स्थिति पर शिवपाल के खेमें के नेता ने कहा कि हमारी पार्टी जनपद में सबसे मजबूत स्थिति में है। प्रसपा 2019 के लोकसभा चुनाव में विकल्प का रूप बनकर उभरेगी। बता दें कि 26 नवम्बर को आदित्य यादव आजमगढ़ में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जिसके बाद वह 27 नवम्बर को आजमगढ़ से मऊ होते हुए बलिया में भी जनसभा करेंगे। इस रैली की तैयारियों के लिए सभी मंडल प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

Published on:
13 Nov 2018 07:32 pm
Also Read
View All