Highlights मेरठ जनपद में अब तक 23 मरीजों की हो चुकी मौत 254 मरीजों को ठीक होने केे बाद भेजा जा चुका घर नए संक्रमितों में गर्भवती महिला समेत दंपती शामिल
मेरठ। मेरठ जनपद में पीएसी के सात जवानों समेत 10 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, इसके बाद जनपद में कोविड-19 संक्रमितों की कुल संख्या 386 पहुंच गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजकुमार और लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कालेज के कोविड-19 विभाग के सर्विलांस अधिकारी डा विश्वास चौधरी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुल 245 नमूने लिये गये थे। जिनमें 10 नए कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमितों में थापर नगर से पति-पत्नी, ब्रह्मपुरी से एक गर्भवती महिला और छठी वाहिनी पीएसी के सात जवान शामिल हैं। मेरठ में अब तक 23 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है और जिले में कोविड-19 से पीडि़त मरीजों की संख्या 386 पहुंच गई है जबकि 254 संक्रमित ठीक होकर घर वापस भेजे जा चुके हैं।
कोरोना मेरठ के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। मंगलवार की देर रात मेरठ में शकूर नगर निवासी एक युवक की मौत हो गई। इससे मेरठ जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा अब 23 हो गया है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि संक्रमित युवक को हाल ही में मेडिकल पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालत बिगडऩे पर युवक के उपचार की बेहतर कोशिशें की गई। मगर, इसके बावजूद युवक की मंगलवार की देर रात मौत हो गई। बता दें कि मेरठ में कोरोना संक्रमण के बीच व्यापारी बाजार खोलने की बात कर रहे हैंं जबकि प्रशासन बाजार को खोलने के मूड में नहीं हैं। वहीं व्यापारियों के दबाव में आकर प्रशासन ने आगामी एक जून से बाजार खोलने की बात कही है।