मेरठ

विशालकाय पेड़ पर फंसे बाज को बचाने के लिए जुट गई सेना, मामला जानकर करेंगे सलाम

Highlights: — सेना से लेकर पुलिस के जवानों ने निभाई विशेष भूमिका — जेसीबी और फायर बिग्रेड की गाडियां मंगवाई मौके पर — पेड़ पर मांझे में उलझकर फंसा बाज
2 min read
• •
Updated: 20 Feb 2021, 2:05 PM IST
screenshot_from_2021-02-20_13-45-09.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

मेरठ। मेरठ के कैंट इलाके में शनिवार को एक बाज को बचाने के लिए सेना और सदर पुलिस ने संयुक्त रूप से आपरेशन ईगल चलाया। इस दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने विशेष भूमिका निभाई। बाज को बचाने के लिए जेसीबी से लेकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तक मौके पर मंगवा ली गई। सेना और पुलिस के जवान ना सिर्फ लोगों की मदद करने में आगे रहते हैं बल्कि बेजुबानों के लिए भी हमेशा खड़े रहते हैं। मामला मेरठ जिले का है, जहां महज एक बाज को बचाने के लिए सेना और पुलिस ने अभियान चलाया। इतना ही नहीं जब बाज को बचा लिया गया तो उसको इलाज के लिए चिकित्सक के पास भी ले गए।

जानकारी के मुताबिक, कैंट इलाके मे आर्मी पब्लिक स्कूल के सामने एक पेड़ पर उलझे मांझा में बाज बुरी तरह से फंस गया। मांझे से बाहर निकलने की कोशिश में वह लहूलुहान भी हो गया। इस मंजर को कई लोग देख रहे थे लेकिन करीब 50 मीटर ऊपर फंसे बाज को बचाने की कोशिश किसी ने नहीं की। तभी कुछ सेना के जवानों ने जब यह देखा तो वे बाज को बचाने के लिए आगे आए। इसी दौरान वहां से सदर थाना बाजार की पुलिस गुजरी तो वह भी बाज को बचाने के लिए सेना के जवानों की मदद करने लगी।

दोनों ने मिलकर बाज को बाहर निकालने की काफी कोशिश की लेकिन असफल रहे। कोशिशों को फेल होता देख जेसीबी की क्रेन और फायर ब्रिगेड से हाइड्रोलिक लिफ्ट वाली गाड़ी मंगवाई गई। क्रेन पहुंचते ही सड़क को दोनों तरफ से ब्लाक कर दिया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाज को मांझे से निकाला जा सका। मांझे में फंसकर बाज बुरी तरह से घायल हो गया था। उसको तुरंत इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले जाया गया।

Published on: